Betul News Today: जिले की गंज पुलिस ने बिट्टू नागले हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय डेहरिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसने बिट्टू की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया था। इस मामले में चार नाबालिग आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। हाल ही में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। गंज थाना क्षेत्र के माचना नदी के पास मलकापुर रोड पर बिट्टू की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी अजय डेहरिया की लंबे समय से तलाश थी। उसे सिवनी जिले से गिरफ्तार किया गया। यह था मामला 7 नवंबर को गणेश नागले ने अपने भाई अजय उर्फ बिट्टू नागले के लापता होने की सूचना गंज थाने में दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच दो दिन बाद 9 नवंबर को माचना नदी में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर शव की पहचान अजय उर्फ बिट्टू नागले के रूप में हुई। जांच में पता चला कि मृतक के सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी हत्या की पुष्टि हुई। घटना स्थल से मिले साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आशीष धुर्वे, अजय डेहरिया और चार नाबालिगों सहित पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इससे पहले आशीष धुर्वे और चार नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी अजय डेहरिया फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए एएसपी कमला जोशी और एसडीओपी शालिनी परस्ते के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि आरोपी सिवनी जिले में छिपा हुआ है। थाना गंज की टीम ने सिवनी जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली।
Read Also : Betul Ki Khabar – जैविक खेती से किसान और भूमि दोनों की भलाई: कुशवाह