पवित्र नगरी के नियमों का उल्लंघन, सभापति बोले होगा समस्या का समाधान
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। ताप्ती प्रदक्षिणा मार्ग पर मवेशियों का प्रतिदिन जमघट लगता है जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है। पवित्र नगरी के नियमानुसार मवेशी ताप्ती तट सहित नगर में भी भ्रमण नहीं कर सकते इसके बावजूद नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है तथा नगर सहित ताप्ती तट पर भी मवेशियों का जमघट लग रहा है। बताया जा रहा है कि मां ताप्ती जन्मोत्सव पर भी मवेशियों के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हुई थी। पूरे मामले की शिकायत जागरूक नागरिकों द्वारा वार्ड पार्षद तथा सभापति अजय यादव से की गई जिस पर उन्होने तत्काल नपाध्यक्ष सहित अधिकारियों से समस्या को लेकर चर्चा की। सभापति यादव ने बताया कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होने गौ पालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मवेशियों को खुला ना छोड़े अन्यथा दुर्घटना हो सकती है। इधर ताप्ती परिक्रमा मार्ग के लोगों ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मवेशी ताप्ती तट पर घूमते रहते हैं जिससे श्रद्धालुओं को बच कर निकलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ताप्ती परिक्रमा मार्ग पर आवारा सांड भी घूमते रहते हैं जिससे महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों में भय व्याप्त है।
Betul Samachar: पवित्र नगरी में धूमधाम से निकली महाकाल की सवारी
नागरिकों ने बताया कि सुबह एवं शाम ताप्ती तट पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग दर्शन एवं भ्रमण के लिए पहुंचते हैं लेकिन मवेशियों के कारण उन्हे दर्शन एवं भ्रमण में परेशानी होती है। पूर्व में नगर पालिका द्वारा अभियान चलाकर मवेशियों को पकड़ा गया था जिसे गौपालकों से जुर्माना लेकर कांजीहाऊस से छोड़ा गया था लेकिन उसके बाद खुलेआम ताप्ती तट सहित पूरे नगर में मवेशियों का जमघट लगा हुआ है लेकिन कार्यवाही नहीं हो रही है जिससे आमजन में रोष व्याप्त है तथा मवेशियों को पकड़ने की मांग की जा रही है।
लाखों का काऊ कैचर हो गया खराब
नगर पालिका द्वारा कुछ वर्ष पूर्व मवेशियों को पकड़ने के लिए लाखों का काऊ कैचर लाया गया था जिसका उपयोग नहीं किया गया एवं रख रखाव के अभाव में काऊ कैचर खराब हो गया है। वर्तमान स्थिति में काऊ कैचर उपयोग विहिन पड़ा हुआ है और नगर में मवेशियों का जमघट लगा है। ऐसी स्थिति में नगर पालिका द्वारा उपयोग विहिन काऊकैचर खरीदने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जबसे काऊकैचर खरीदा गया है उसका उपयोग ही नहीं किया गया जो रखा रखा खराब होकर कबाड़ में तब्दील हो चुका है।

