SDM ने नगरीय क्षेत्र से दूर सरकारी जगह चिन्हित करने के दिए निर्देश
BETUL NEWS/मुलताई:- नगर में मासोद रोड पर नगर पालिका द्वारा कचरा खंती का निर्माण वर्षों पूर्व किया गया था जिसमें नगर का कचरा डंप किया जाता है। वर्षों पहले उक्त क्षेत्र नगर से दूर होने तथा आवासीय क्षेत्र नही होने से कचरा खंती के साथ साथ कचरे का प्रबंधन भी नपा द्वारा किया जा रहा है। समय के साथ साथ आवासीय क्षेत्र बढ़ने से अब कचरा खंती के पास तक रहवासी एरिया बढ़ गया है जिससे लोगों को कचरा खंती से परेशानी होने लगी है। बताया जा रहा है कि कचरा खंती हटाने के लिए कई बार शिकायतें की जा चुकी है साथ ही रहवासियों के द्वारा न्यायालय की भी शरण ली गई है ताकि कचरा खंती को अन्यत्र कहीं शिफ्ट किया जा सके। इसी तारतम्य में एसडीएम राजीव कहार ने कचरा खंती स्थल पर पहुंचकर उपयंत्री योगेश अनेराव से जानकारी ली गई जिसके बाद तहसीलदार को कचरा खंती के लिए नगर से बाहर अन्यत्र स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। नपा उपयंत्री योगेश अनेराव ने बताया कि कचरा खंती के लिए स्थान नगर से अधिक दूर भी नही होना चाहिए। उन्होने कहा कि नगर से 5 से 7 किलोमीटर के दायरे में ही स्थान होना चाहिए ताकि सुव्यवस्थित तौर पर कचरा डंप करके प्रबंधन किया जा सके। उन्होने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा यदि निर्धारित दूरी तक सरकारी भूमि चिन्हित करके दी जाएगी तो कचरा खंती को शिफ्ट करने की प्रक्रिया की जा सकती है।

