Betul Samachar/आमला। “स्वच्छ हो चंद्रभागा, कर्तव्य हमारा” अभियान के तहत रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार आमला, दिव्य शिव महापुराण आयोजन समिति, नगरपालिका परिषद आमला, श्रीकृष्ण लीला फाउंडेशन, प्रगतिशील व्यापारी संगठन एवं विभिन्न पर्यावरण प्रेमियों के सहयोग से चंद्रभागा नदी तट पर भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे संतोषी माता मंदिर, चंद्रभागा तट से हुआ। अभियान के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और नगरजनों ने मिलकर चंद्रभागा नदी के तट एवं घाट की सफाई की तथा नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इसी के साथ आगामी भव्य दिव्य शिव महापुराण कथा के पूजन स्थल की भी सफाई की गई। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन चंद्रभागा नदी के तट पर ही होने जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 108 कुंडी गायत्री महायज्ञ का दिव्य कलश भी उपस्थित रहा, जो दिसंबर में आमला में होने वाले गायत्री महायज्ञ के निमंत्रण के निमित्त विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा है।
Betul Ki Taja Khabar: गायत्री परिवार द्वारा बाल संस्कारशाला का शुभारंभ
श्रद्धालुओं ने कलश के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे, अनिल सोनी (अध्यक्ष, प्रगतिशील व्यापारी संघ), गायत्री परिवार के प्रमुख ट्रस्टी बी.पी. धामोंडे, श्रीकृष्ण लीला फाउंडेशन के राजेंद्र उपाध्याय, शिव महापुराण आयोजन समिति के अरुण पवार, पंजाबराव देशमुख मामा, बंशीलाल पवार (पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी), समाजसेवी भोजराज सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर घाट की सफाई कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित जनों ने कहा कि “स्वच्छता ही सच्ची भक्ति और श्रेष्ठ कर्म है।” इस अवसर पर पं. राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि आगामी भव्य दिव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धर्म और अध्यात्म का संदेश देगा, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी प्रेरक उदाहरण बनेगा। वहीं, नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “संस्थाओं द्वारा चलाया गया यह स्वच्छता अभियान प्रशंसनीय है। नगरपालिका परिषद आमला सदैव ऐसे अभियानों के साथ खड़ी है। हमारा लक्ष्य है — स्वच्छ आमला, सुंदर आमला।” कार्यक्रम में यशवंत चढ़ोकार, मनोज विश्वकर्मा, हेमराज विश्वकर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई

