Betul Ki Khabar- हत्या को लेकर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रामू टेकाम ASP से मिले

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

कांग्रेसियों ने नगर में हो रही घटनाओं को लेकर जताया रोष

Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर में खुलेआम हत्या एवं हो रही गुंडागर्दी को लेकर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रामू टेकाम नगर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ मुलताई पहुंची एएसपी कमला जोशी से मिले तथा शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। टेकाम ने कहा कि मुलताई में खुलेआम आदिवासी युवक की जघन्य हत्या कर दी गई वहीं घटना के चौबिस घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होने कहा कि मुलताई जैसी शांत नगरी में यह कुछ ही समय में तीसरी घटना है जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए हैं क्योंकि युवकों में पुलिस का खौफ नही है। कांग्रेस के किशोरसिंह परिहार, सुमीत शिवहरे, लोकेश यादव ने कहा कि नगर में लगातार घटनाएं हो रही है लेकिन पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही नही करने से युवा लगातार अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होने कहा कि नगर में पुलिस प्वाइंट पर पुलिस नही रहने से चौक चौराहों पर खुलेआम अपराधिक घटनाएं हो रही है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नगर में प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रही अवैध शराब सहित जुंआ एवं सट्टा पर भी रोष जताया। इसके अलावा पुलिस से अल सुबह कोचिंग का समय बदलने, हाईवे पर देर रात तक युवकों का जमावड़ा बंद कराने तथा स्कूलों के सामने से मनचले युवकों को हटाने की मांग की गई है। एएसपी कमला जोशी द्वारा कांग्रेसियों को आश्वासन दिया गया है कि शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा साथ ही कांग्रेसियों के द्वारा की गई मांग पर भी पुलिस अमल करेगी।

Read Also: खुलेआम चाकू से गोद कर युवक की जघन्य हत्या से दहला मुलताई, चार युवकों सहित अन्य पर प्रकरण दर्ज

Leave a Comment