कोई भी पात्र नागरिक सूची से न रहे वंचित — SDM राजीव कहार
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुलताई में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। गुरुवार को एसडीएम राजीव कहार और तहसीलदार संजय बारिया ने एसडीएम कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलओ के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
Read Also: वेतन न मिलने से मनरेगा कर्मचारियों में आक्रोश, 3 दिन के सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय
एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि 28 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बीएलओ, बीएलए एवं संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित और एकत्रित करेंगे। कार्यक्रम के तहत 9 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पर 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियाँ ली जाएंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि बीएलओ मृत, स्थानांतरित या एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं की जांच करेंगे। इस बार गणना प्रपत्र के साथ किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। नाम जोड़ने का कार्य बीएलओ द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर किया जाएगा। मतदाता अपने नाम की पुष्टि और लिंकिंग के लिए पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरवाए जाएंगे। एसडीएम राजीव कहार ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करें ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

