हत्या के विरोध में पूरे दिन थाने के सामने मुख्य मार्ग पर डटे रहे जयस संगठन के कार्यकर्ता, बाजार रहा बंद

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                     एसपी को स्थल पर बुलाने की मांग, बाद में बैतूल से पहुंची एएसपी कमला जोशी ने लिया ज्ञापन

Betul News Today/मुलताई। जयस संगठन द्वारा 2 नवंबर को आदित्य टेकाम की हत्या के विरोध में मुलताई बंद का आव्हान किया गया था जिससे रविवार सुबह से ही बाजार बंद रहे। दोपहर लगभग 1 बजे जयस संगठन के कार्यकर्ता कृषि मंडी में एकत्रित होकर तहसील कार्यालय ज्ञापन देने निकले जहां अंबेडकर चौक, फव्वारा चौक, जय स्तंभ के पास मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया जिसके बाद थाने के सामने मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने के लिए अड़ गए। इस दौरान एसडीएम राजीव कहार तथा एसडीओपी एसके सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार प्रदर्शन करते रहे जिसके बाद बैतूल से एएसपी कमला जोशी मुलताई पहुंची जिन्हे जयस के द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जयस के कार्यकर्ता सभी आरोपितों को पकड़ने, शासन प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को राहत राशि सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। एएसपी कमला जोशी ने कार्यकर्ताओं को बताया कि चार आरोपितों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है तथा शीघ्र ही बाकि आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जयस के संदीप धुर्वे को बताया कि पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे का प्रकरण एसडीओपी कार्यालय के माध्यम से आदिम जाति कल्याण विभाग भेजा जा रहा है जहां एक टीम द्वारा सहायता राशि का निर्णय लिया जाएगा।

जयस जयस ने 6 मांगों पर किया शासन का ध्यानाकर्षण

जयस संगठन द्वारा आंदोलन के दौरान शासन का 6 मांगों को लेकर ध्यानाकर्षण किया गया है। जिसमें पीड़ित परिवार को एक करोड़ रूपए का मुआवजा प्रदान करने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान करने की मांग की गई है। पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से से आवास प्रदान किया जाए। आरोपियों की मानसिक परिपक्वता के आधार पर वयस्क आरोपितों की तरह प्रकरण के माध्यम से फांसी दी जाए। मुलताई जो बैतूल जिले की मुख्य तहसील है लेकिन शासनकी अनदेखी से नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में केवल प्राथमिक उपचार के अलावा अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं है, सुविधाओं के अभाव में आदित्य का समय पर उपचार नहीं होने से उसकी मृत्यु हुई है। शासन से यह मांग की गई कि पर्याप्त चिकित्सक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा भविष्य में गंभीर घटनाओं के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन उचित निर्णय ले। जयस द्वारा नगर में बढ़ रही अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाए तथा बैंगर के चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।

Read Also: Betul Ki Taja Khabar: बच्चों ने चित्र बनाकर कल्पनाओं की भरी उड़ान

साप्ताहिक बाजार होने के बावजूद दुकानें रही बंद

घटना के विरोध में जयस के आव्हान पर नगर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। रविवार साप्ताहिक बाजार होने से सुबह कुछ दुकानदारों ने दुकानें खोल ली थी। लेकिन बाद में जयस की रैली निकलते ही बाजार में खुली दुकानों के शटर नीचे गिरना प्रारंभ हो गए। जयस द्वारा सतत प्रदर्शन के दौरान पूरा बाजार बंद नजर आया जिसके बाद धीरे धीरे शाम तक दुकानें खुलती रही। प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग लगभग तीन घंटे बाधित रहा तथा पुलिस द्वारा आवागमन को अन्य मार्गों से डिवाईड किया गया जिससे लोग गलियों से होते हुए निकलते रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष आंदोलन में हुए शामिल

जयस द्वारा किए जा रहे आंदोलन एवं प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार थाने के सामने धरना स्थल पर पहुंचे तथा जयस कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए उनके साथ लगभग एक घंटा सड़क पर बैठे रहे। पूरे मामले में जिप अध्यक्ष राजा पंवार ने बताया कि एक आदिवासी युवक की हत्या हुई है जिसमें कहीं ना कहीं प्रशासन की चूक नजर आ रही है क्योंकि घटना के चार दिन बाद भी पूरे आरोपित नही पकड़े गए हैं जिससे वे मांग करते हैं कि शीघ्र पुलिस सभी आरोपितों को गिरफ्तार करें।

Leave a Comment