गंदगी और बदबू से वकील एवं कोर्ट जाने वाले लोग परेशान
BETUL NEWS/मुलताई। नगर के न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान को मुंह चिढ़ाता हुआ दृश्य देखने को मिल रहा है। न्यायालय परिसर में बने शौचालयों में कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और बदबू का अंबार लगा हुआ है। दरवाजे टूटे हुए हैं, नल क्षतिग्रस्त हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है।स्थिति यह है कि न्यायालय में आने वाले वकीलों और आम नागरिकों को गंदगी के बीच शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शौचालयों में लंबे समय से साफ-सफाई न होने के कारण उनमें दुर्गंध फैली हुई है, जिससे परिसर में आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।एडवोकेट राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि न्यायालय परिसर में बने शौचालय की सफाई पिछले कई महीनों से नहीं हुई है। लगातार उपेक्षा के चलते शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया है और अब उपयोग के लायक भी नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं, फिर भी इस ओर किसी जिम्मेदार अधिकारी का ध्यान नहीं जा रहा है। स्थानीय वकीलों और आगंतुकों ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय परिसर में तुरंत सफाई की उचित व्यवस्था की जाए और शौचालयों की मरम्मत कराई जाए, ताकि स्वच्छता अभियान की वास्तविक भावना कायम रह सके।
Read Also: ताप्ती मेले की अव्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

