Betul Ki Khabar/मुलताई। धर्म, राष्ट्र और गौ सेवा में 27 वर्षों से सतत समर्पित रहते हुए समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नगर के सेवाभावी व्यक्तित्व उत्तमराव गायकवाड़ को “छत्रपति शिवाजी रत्न” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भोपाल में आयोजित क्षत्रीय लोणारी कुनबी समाज संगठन के गौरवमयी प्रांतीय सामाजिक समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में धार्मिक, सामाजिक, शैक्षिक, आत्मनिर्भर भारत अभियान, गौ संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंदों की सेवा में उनके दीर्घकालिक योगदान को देखते हुए यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया। उत्तमराव गायकवाड़ पिछले 27 वर्षों से शांतिकुंज हरिद्वार में पूर्णकालिक सेवा कर रहे हैं। वे समाज को आध्यात्मिकता, राष्ट्रवाद और संस्कृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वे दक्षिण भारत के प्रभारी के रूप में आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, पांडिचेरी और अंडमान में कार्यरत हैं। तमिल और तेलुगु सहित छह भाषाओं के ज्ञाता गायकवाड़ ने दक्षिण भारत में 6 अश्वमेध यज्ञ और 42 गायत्री केंद्रों का निर्माण कराया है।
Read Also: पवित्र नगरी में वैकुंठ चतुर्दशी पर हुआ हरिहर मिलन का आयोजन
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के साउथ रीजन प्रमुख के रूप में उन्होंने सुनामी, तमिलनाडु-आंध्रप्रदेश बाढ़, कर्नाटक-केरल की आपदाओं में राहत कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई। गौ सेवा और अनुसंधान, रामेश्वरम तथा नेत्रावती नदी जैसे तीर्थों की सफाई और संरक्षण में भी उनका समर्पण उल्लेखनीय रहा है।उन्होंने कॉर्पोरेट, शैक्षणिक एवं फिल्म जगत में संस्कार, हिंदुत्व और राष्ट्रीयता का संदेश देने का कार्य किया। इसके अलावा रक्तदान शिविर, ऑर्गन डोनेशन अभियान और बैतूल जिले में स्वावलंबन हेतु आयुर्वेदिक प्लांट, पशु आहार इकाई तथा काला-सेंधा नमक उत्पादन परियोजनाओं में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

