नृत्य–नाटिका की अनुपम प्रस्तुति पर हासिल किया द्वितीय स्थान
Betul Ki Khabar/मुलताई। कवि कालिदास की स्मृति में उज्जैन में आयोजित 25वाँ राज्य स्तरीय कवि कालिदास नाट्य महोत्सव इस वर्ष भी अपनी भव्यता के लिए चर्चित रहा। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेशभर की 9 संभाग की टीमों ने नृत्य, अभिनय और नाट्य कला की उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं। इन्हीं में से गुरुकुल विद्या मंदिर, मुलताई की नृत्य नाटिका प्रस्तुति ने दर्शकों व निर्णायकों का दिल जीतते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।गुरुकुल विद्या मंदिर की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। कहानी, संगीत, वेशभूषा और मंच संयोजन का संतुलित मेल प्रस्तुति को अत्यंत आकर्षक बनाता रहा। विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं अनवी ओंकार, ईशानी साहू, मयूरी साहू, समीक्षा बारंगे, कुमुद बेले , रूही नागले,आरोही चिंचोले दुर्गेश्वरी करदाते डिंपल खन्ना , ईशा जैन, जिज्ञासा देशमुख और भूमिका पवार ने भाग लिया l टीम की इस सफलता के पीछे विद्यालय के प्राचार्य अतुल बारंगे एवं नीतू नामदेव का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। दोनों ही शिक्षकों ने विद्यार्थियों को न केवल नृत्य–नाट्य की बारीकियाँ सिखाईं, बल्कि मंच पर प्रस्तुति के आत्मविश्वास को भी विकसित किया। लगातार अभ्यास, अनुशासन और कलात्मक सुधार के कारण टीम ने प्रतियोगिता में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।विद्यालय में इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है और छात्र-छात्राएँ तथा अभिभावक सभी गर्व महसूस कर रहे हैं।विद्यालय प्रबंधन ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही, भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
Read Also: साइकिल सवार को बाइक ने मारी तेज़ टक्कर, युवक की मौके पर मौत

