ताप्ती भक्तों में भारी रोष, ताप्ती सरोवर क्षेत्र में बढ़ रहा लगातार अतिक्रमण
Betul Samachar/मुलताई। ताप्ती सरोवर के आसपास सहित मध्य में स्थित टापू पर लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है जिसकी तीन बार सक्षम अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नही होने से ताप्ती भक्तों में भारी रोष व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार टापू पर लंबे समय से अतिक्रमण बना हुआ है जिसके लिए ताप्ती भक्त लगातार प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समस्या को गंभीरता से नही लेने पर मंगलवार फिर एक बार ताप्ती भक्तों द्वारा टापू सहित सरोवर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए ज्ञापन सौंपकर मांग की गई। इस दौरान ताप्ती भक्तों में भारी रोष नजर आया तथा अधिकारियों से भी तल्ख बातचीत हुई। ताप्ती भक्त दिनेश कालभोर, घनश्याम सोनी सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा जानबूझकर अतिक्रमण पर कार्रवाई नही करने से लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है जिससे ताप्ती सरोवर का सौंदर्य प्रभावित हो रहा है। उन्होने बताया कि ताप्ती क्षेत्र को लेकर प्रशासन का रवैया हमेशा उदासीन रहा है जिससे जगह जगह कच्चा एवं पक्का अतिक्रमण हो चुका है तथा अब अतिक्रमण हटाने के नाम पर अधिकारी आनाकानी करते नजर आ रहे हैं।

ताप्ती भक्तों ने एसडीएम राजीव कहार से भी सवाल करते हुए कहा कि आखिर अतिक्रमण हटाने पर प्रशासन क्यों चुप्पी साध रहा है। उन्होने कहा कि ताप्ती क्षेत्र का सीमांकन हो चुका है तथा अतिक्रमण भी चिन्हित किया जा चुका है फिर प्रशासन क्यों सख्ती से अतिक्रमण नही हटा रहा है। ताप्ती भक्तों ने कहा कि कलेक्टर से भी ताप्ती सरोवर के मध्य टापू पर से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी तथा जनसुनवाई में लगातार अतिक्रमण हटाने की मांग करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है जिससे ताप्ती भक्तों में रोष व्याप्त है। ताप्ती भक्तों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा ठोस कदम नही उठाया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बैतूल रोड का एक दिन में हटा वर्षों पुराना अतिक्रमण
एक तरफ जहां प्रशासन जन जन की आस्था का केन्द्र ताप्ती क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने में आनाकानी कर रहा है वहीं बैतूल रोड मंगलवार बाजार के पास का एक दिन में वर्षों पुराना अतिक्रमण हटा दिया गया जिससे कई निर्धन व्यापारियों का रोजगार छिन गया। बताया जा रहा है कि बैतूल रोड पर मंगलवार बाजार के पास कई निर्धन लोगों का रोजगार संचालित था लेकिन अतिक्रमण हटने से उनके सामने आजिविका चलाने की समस्या खड़ी हो गई है। लेकिन ताप्ती क्षेत्र में रसूखदारों का अतिक्रमण होने से प्रशासन का रवैया ढुल मुल बना हुआ है जिसे लेकर कई बार शिकायतों के बावजूद संबन्धित अधिकारी मात्र आश्वासन दे देते हैं लेकिन सरोवर तट के आसपास सहित टापू पर कभी अतिक्रमण हटाने की सख्ती से कार्रवाई नही की गई।
Read Also:- कांग्रेस का क्रमिक भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी महिला कांग्रेस एवं महिला पार्षद धरने पर बैठीं
टापू पर अतिक्रमण को लेकर ताप्ती भक्तों में दो फाड़
ताप्ती सरोवर के मध्य स्थित टापू पर अतिक्रमण को लेकर ताप्ती भक्तों में ही दो फाड़ नजर आ रही है। एक पक्ष अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार प्रयासरत है वहीं दूसरा पक्ष अतिक्रमण को सहीं ठहरा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों के द्वारा टापू पर शेड आदि बना लिए गए हैं जिनका कहना है कि धार्मिक आयोजनों के लिए यह आवश्यक है। वहीं दूसरे पक्ष का मत है कि टापू पर सिमित जगह होने से अन्य कोई भी निर्माण नही होना चाहिए। विगत दिनों अतिक्रमण नही हटाने के लिए भी कुछ ताप्ती भक्तों द्वारा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था वहीं अतिक्रमण हटाने के लिए भी ज्ञापन सौंपा जा रहा है।

