अधिकारी बोले- अच्छी तो सड़क है, मैनें एक सप्ताह पहले ही किया निरीक्षण
BETUL NEWS/भैंसदेही/मनीष राठौर:- भैंसदेही नगर के अटल बिहारी स्टेडियम के बाजू से भिवकुंड जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पूरी तरह गड्डों में तब्दील हो गई है। सड़क पर वाहन चलना तो दूर, पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद भी सड़क निर्माण या सड़क की मरम्मत के प्रति कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे लोगों में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बनी हुई है। बताया जाता है कि 4.61 किमी का यह मार्ग पूरा खराब हो गया है। जिसके मेंटनेंस का ठेका मेसर्स भगवती इंटरप्राईजेस मुरैना को दिया था, लेकिन ठेका कंपनी ने भीवकुंड ग्राम से भैंसदेही की ओर मात्र 2 किमी मार्ग पर डामरीकरण कर मेंटनेंस का कार्य किया, बाकी रोड वैसे ही छोड़ दी। दो किमी के पश्चात पूर्णा कॉलेज से भिवकुंड ग्राम तक रोड का डामरीकरण किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि ठेकेदार द्वारा आधी सडक़ की ही मरम्मत कर इतिश्री कर ली गई, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान तक नहीं दिया। जिसका खामियाजा अब आमजनों को परेशान होकर चुकाना पड़ रहा है। बता दे कि इसी मार्ग पर रोजाना सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। इन्हें खराब सडक़ की परेशानियों से जुझना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सडक़ पर बने गड्ढे और भी बड़ा आकार लेते जा रहे है। जिससे कुछ ही दिनों में यह सडक़ पूरी तरह खराब होकर बिखर जायेगी। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन की अच्छी सुविधा मिल सके।
वाहनों को भी पहुंच रहा नुकसान
सड़क पर गड्डों की वजह से वाहन चालक तो चोटिल हो ही रहे है, साथ ही उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि बार-बार वाहनों के गड्ढे में जाने से वाहनों के एक्सल टूट रहे है। वाहनों में टूट-फूट हो रही है। जिसके कारण वाहन चालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चालक परेशान है। वाहन चालकों का समझ ही नहीं आता है कि वाहन कहां से निकाले। ऐसे में वाहन चालक गड्डों से बचने के चक्कर में गिरकर चोटिल भी हो रहे है।
Read Also: 4 किलोमीटर दूर लगी आग, फायर ब्रिगेड एक घंटे में भी नहीं पहुंची ग्रामीणों में तीखा रोष
आधे-अधूरे मरम्मत कार्य के बाद भी अधिकारी मौन
ठेकेदार ने आधी-अधूरी सड़क की मरम्मत कर वैसे ही छोड़ दी। लेकिन अधिकारियों ने इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया। जिससे वाहन चालकों में अधिकारियों के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। बता दे कि सड़क की दुर्दशा को लेकर मीडिया द्वारा कई बार खबरों का प्रकाशन भी किया गया। यहां तक कि जनसुनवाई में आवेदन भी दिये गये। लेकिन सड़क ही हालत में सुधार नहीं आया और न ही ग्राम सड़क योजना के आला अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान दिया जा रहा है। सडक़ की मरम्मत कराने के लिए अधिकारी इतनी ढिलाई क्यो बरत रहे है।

अधिकारी का ठेकेदार को खुला संरक्षण – श्री कुबड़े
सड़क की दुर्दशा को लेकर वाहन चालक ब्रम्हदेव पटेल कुबड़े का कहना है कि प्रधानमंत्री सड़क के जवाबदेह अधिकारी का ठेकेदार को खुला संरक्षण देखने मे आ रहा है। कहा कि भीवकुंड ग्राम में मेरा खेत है। मुझे प्रतिदिन दो से तीन बार स्टेडियम चौक से लेकर पूर्णा कॉलेज तक खेत जाना पड़ता है। इस दौरान सड़क पर गड्ढों की वजह से गाड़ी चलाने में बहुत दिक्कत होती है। इस रोड पर दो किमी तक का रास्ता जस का तस ही ठेकेदार ने छोड़ दिया। मोटर साइकिल की हालत भी इस गड्ढे भरे सड़क पर चलाने से खराब हो गई। अधिकारियों के ध्यान नहीं देने से प्रधानमंत्री सड़क की मरम्मत में सिर्फ लीपापोती हुई है। बल्कि दो किलोमीटर मे तो 2021 से अभी तक सड़क के गड्ढे तक नही भरे है। कलेक्टर से मांग है कि इस सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाये, ताकि वाहन चालकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
क्या कहते है जवाबदेह अधिकारी
जो आबादी क्षेत्र है, उस सड़क का हिस्सा नगर परिषद को हैंडओवर करने के लिए पत्र लिखा है। कुछ ही दिन पहले मैेनें रोड का निरीक्षण किया था। रोड अच्छी है। यदि आपको और ज्यादा जानकारी चाहिए तो आप जीएम साहब से बात करे। मैं ज्यादा जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं हूं।
मनोज राय, एएम प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना
मैं जब से नगर परिषद भैसदेही ज्वाइन किया है तब से मेरे नजर में ऐसा कोई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का कोई भी किसी भी प्रकार का लेटर मुझे प्राप्त नहीं हुआ है फिर भी मैं दिखवाता हूं।
हितेश शाक्य सीएमओ नगर परिषद भैसदेही

