BETUL NEWS- पांढरया देव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पूरे दिन लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                        हजारों लोगों ने सुबह से रात तक ग्रहण की प्रसादी, 12 गांवों के लोगों ने किया आयोजन

BETUL NEWS/मुलताई। क्षेत्र में जन जन की आस्था का केन्द्र पांढरया बाबा देवस्थल पर शुक्रवार सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान हजारों लोगों ने मंदिर में बाबा के दर्शन एवं पूजन कर प्रसादी ग्रहण की। लगभग 12 गांवों से अधिक लोगों द्वारा प्रतिवर्ष देव स्थल पर भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाता है जिसमें दूर दूर से लोग देव स्थल पर पहुंचकर मुरादें मानते हैं तथा पूरी होने पर दर्शन एवं पूजन करने पहुंचते हैं। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्षों से यह आयोजन होता चला आया है जिसमें पूरे दिन भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाता है। सदस्यों के अनुसार प्रसादी के लिए सब्जी, पूड़ी तथा खीर बनाई जाती है जिसमें लगभग 10 ट्राली पूड़ी, 30 से 35 गंज सब्जी तथा उतनी ही खीर बनाई जाती है जिसके लिए एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग पहुंचकर सेवाएं देते हैं। उन्होने बताया कि एक दिन पहले से ही भंडारा प्रसादी की तैयारियां प्रारंभहो जाती है तथा अधिक मात्रा में प्रसादी बनाने के लिए जगह जगह चूल्हों का निर्माण किया जाता है तथा बड़े बड़े गंजों तथा कढ़ाई में प्रसादी का निर्माण किया जाता है। सदस्यों ने बताया कि प्रसादी के लिए बड़ी मात्रा में किराने का सामान लाया जाता है जिसमें सभी ग्रामीण आर्थिक सहयोग करते हैं। उन्होने बताया कि जन जन की आस्था का केन्द्र होने से हजारों लोग इस पुनीत कार्य में सहयोग करते हैं तथा विशेष रूप से प्रसादी बनाने में महिलाएं समय एवं श्रमदान करती हैं। कार्यक्रम के आयोजन के संबन्ध में समिति के सदस्यों ने बताया कि पांद्रया बाबा के मंदिर में पूरे वर्ष भर लोग पूजन हेतू पहुंचते हैं तथा वर्ष में एक बार बड़ा आयोजन ग्रामीणों द्वारा मिलजुलकर संपन्न किया जाता है जिसमें लगभग 30 हजार से अधिक लोग सुबह से लेकर रात तक पहुंचकर दर्शन एवं पूजन कर प्रसादी ग्रहण करते हैं इसलिए यह पूरे क्षेत्र का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है।

Read Also: गोपाल सिंह पंवार ने उमेश कुमरे को सरपंच एकता महासंघ का प्रदेश उपाध्यक्ष किया नियुक्त

Leave a Comment