Betul Mela: मेला अंतिम चरण में, नपा के अनुसार 15 दिसंबर को पूर्ण होगी मेला अवधि

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                              कार्तिक पूर्णिमा के 10 दिनों के बाद किया था मेले का उद्घाटन

Betul Mela/मुलताई। पवित्र नगरी में विगत 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा से मेला लगने की परंपरा है लेकिन इस वर्ष लगभग 10 दिनों के बाद 15 नवंबर से मेला प्रारंभ हुआ जिसका विधिवत उद्घाटन नगर पालिका द्वारा विधायक चंद्रशेखर देशमुख की उपस्थिति में कराया गया। जिसके बाद धीरे धीरे मेले में रौनक बढ़ना प्रारंभ हुई तथा इस बार मेले में विगत वर्षों की अपेक्षा सर्वाधिक झूले आए जिनके समूह को मेले के तीन तरफ स्थान दिया गया। झूले मेले का प्रमुख आकर्षण रहे तथा झूलों के कारण ही ग्रामीण अंचलों से जमकर भीड़ मेले में उमड़ी। धीरे धीरे मेले के उ‌द्घाटन के बाद अब एक माह होने को आया है जिसके बाद नगर पालिका द्वारा कुछ समयावधि बढ़ाई जा सकती है या मेले का समापन किया जा सकता है। इस संबन्ध में उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि 15 नवंबर को मेले का शुभारंभ किया गया था इसलिए 15 दिसंबर तक मेले को एक माह पूर्ण हो जाएगा जिसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि मेले का समापन करना है या मेलावधि बढ़ाना है। उन्होने कहा कि मेले के व्यापारियों द्वारा नगर पाििलका को ज्ञापन सौंपकर मेलावधि बढ़ाने की मांग की गई है। जिसमें व्यापारियों ने बताया कि 15 नवंबर से मेले के शुभारंभके बाद फिलहाल मेले में खासी भीड़ चल रही है तथा साप्ताहिक बाजारों के दिन व्यापारियों का कारोबार भी अच्छा हो रहा है। इसलिए मेलावधि बढ़ाना आवश्यक है ताकि भारी लागत लगाकर कड़ाके की ठंड में व्यापार कर रहे व्यापारियों को इसका लाभपूरी तरह मिल सके। उन्होने बताया कि मेलावधि बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है जिसमें अभी तक वसूली पूरी नही होने से नगर पालिका द्वारा वसूली में तेजी लाई जा रही है।

Read Also: भैंसदेही जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत केरपानी के ग्राम जामूढाना में प्राथमिक शाला भवन निर्माण में भ्रष्टाचार

गुरूवार मेले में रही खासी भीड़

प्रतिदिन मेले में सामान्य भीड़ होती है वहीं साप्ताहिक बाजार के दिन यह भीड़ कई गुना अधिक बढ़ जाती है। साप्ताहिक बाजार होने से रविवार एवं गुरुवार ग्रामीण अंचलों से लोग सामान खरीदने पहुंचते हैं जिसके साथ ही मेले का भी पूरा आनंद उठाते हैं जिससे मेले की रौनक देखते ही बनती हैं। इस वर्ष साप्ताहिक बाजार के दिन मेले में जमकर भीड़ उमड़ी है तथा गुरुवार सुबह से ही मेले में भीड़ उमड़ना प्रारंभ हो गई जो रात तक बनी रही। इस दौरान ग्रामीणों ने झूले झूलकर, चाट पकौड़ी एवं आईस्क्रीम खाकर जमकर सामान की खरीदी की जिसमें कंबल सहित गर्म कपड़े शामिल हैं।

Leave a Comment