हिन्दू एकता के संकल्प के साथ चिल्कापुर में सम्पन्न हुआ हिन्दू सम्मेलन
Betul Local News/भैंसदेही/मनीष राठौर:- हिन्दुओं को एकजुट कर उनमें समरसता का भाव जागृत कर हिन्दू समाज को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सकल हिन्दू समाज द्वारा चिल्कापुर मंडल में आयोजित हिन्दू सम्मेलन हिन्दू एकता के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में चिल्कापुर, गुदगांव, ठेमगांव,राजनी, ढोण्डी,हनुमानढ़ाना, रामघाटी,पिपरिया एवं सिरजगांव के ग्रामवासियों ने भाग लेकर हिंदू सम्मेलन को मजबूती प्रदान की। श्री राधा -कृष्ण- हनुमान मंदिर चिल्कापुर से ढ़ोल- ढमाको एवं हिन्दू एकता जिंदाबाद,गर्व से कहो हम हिन्दू है,भारत माता के जय जयकारों के साथ कलश यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में मातृशक्तियों,पुरुषो व युवाओं ने पीले एवं भगवे वस्त्र धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। भ्रमण के दौरान कलश यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस बीच धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति गीतों पर बुजुर्गो, युवाओं व मातृशक्तियों ने जमकर डांस किया। हर गली- गली में रंगोली की सजावट एवं घरों पर भगवा ध्वज कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रहे थे। कलश यात्रा बस स्टैंड गुदगांव चौपाटी होते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल चिल्कापुर के मैदान पर पहुंची जहां कलश यात्रा का समापन हुआ । तत्पश्चात गायत्री हवन व भारत माता के पूजन एवं वन्दे मातरम गीत के साथ हिन्दू सम्मेलन का शुभारंभ हुआ जिसमे आयोजन समिति के अध्यक्ष धनराज साहू सहित समिति के अन्य सदस्यों द्वारा अतिथियों एवं भगत-भूमकाओं का जोरदार स्वागत सम्मान किया गया। सम्मेलन स्थल पर दुर्गावाहिनी की बहनों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई थी जो कि आकर्षणका केन्द्र रही। शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तूती दी। हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए वेद संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार की साध्वी ऋतिका चौधरी ने नारी शक्ति के उत्थान पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए नारियों को पूरी एकजुटता एवं तत्परता के साथ हिंदुत्व की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। लव जिहाद का जिक्र करते हुए उन्होंने नारी शक्तियों से इसके खिलाफ आवाज उठाने तथा सदैव सावधान रहने व सजगता बरतने की अपील की।
Read Also: विघ्नहर्ता के द्वार पर बहिरम बाबा दर्शन के लिए निकली भव्य पद यात्रा
गायत्री परिवार के मुख्य वक्ता अमोल पानकर ने हिंदू सम्मेलन को लेकर कहा कि यह अभियान हिंदुओं को जगाने का अभियान है। अगर हिंदू अभी नहीं जागे तो आने वाला समय काफी कठिन होगा । अभी समय है जाग जाइए। श्री पानकर ने हिंदुओं की उत्पत्ति पर भी विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदू समाज में आपसी समरसता बढ़ाने, भाई-चारे की प्रवृति विकसित करने तथा जातियों में ना बटते हुए हिन्दूत्व की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज जातियों में बटा हुआ है। हमें जातियों में नहीं बटना है । हमारे दिलों दिमाग में होना चाहिए कि हम हिंदू हैं। कुछ स्वार्थी ताकते भोले भाले लोगों को बरगला कर उनके हिन्दू ना होने की दुहाई देते है । हमें ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में ना आकर अपने हिंदुत्व को कायम रखना होगा तथा अपने हिंदू होने की दबंगता का परिचय देना होगा। हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष धनराज साहू अधिवक्ता ने सभी हिन्दूओं को एक दूसरे के प्रति बैर भाव भुलाकर आपस में समरसता बढ़ाने तथा हिन्दूत्व की रक्षा के लिए सदैव एकजुट रहने की अपील की। श्री साहू ने सभी ग्रामवासियों युवाओं, मातृशक्तियों ,दुर्गा वाहिनी एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों के भरपूर सहयोग के लिए आभार जताया। सम्मेलन को डॉ. यादोराव बारस्कर एवं बसंती धुर्वे मैडम ने भी संबोधित किया। आयोजन समिति सचिव देवीदास कारे ने सम्मेलन में उपस्थित सभी अतिथियों, बुजुर्गो, मातृशक्तियों,युवाओं, बच्चो एवं सभी ग्रामों से आए ग्रामवासियों के प्रति आभार जताया। कोषाध्यक्ष रविन्द्र बारस्कर ने मंच संचालन करते हुए चिल्कापुर मंडल में शामिल सभी ग्रामों से मिले अपार सहयोग के लिए सभी क्षेत्रवासियों का आभार जताया। अंत में भारत माता की आरती एवं भोजन महाप्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

