शीत लहर एवं कोहरे के बीच लगातार आगे बढ़ती जा रही मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा
Betul Update News/मुलताई। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा लगातार ताप्ती तटों से होकर आगे बढ़ रही है। पदयात्री मां ताप्ती का नाम लेकर जंगलों से होकर विपरित परिस्थितियों से जूझते हुए ध्वजाएं लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान गांव गांव में पदयात्रा का ग्रामीण भव्य स्वागत कर रहे हैं तथा पदयात्रियों का उत्साह वर्धन कर रहे हैं। पवित्र नगरी से भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में ताप्ती भक्त पदयात्रा में शामिल होकर मां ताप्ती के महत्व से ग्रामीणों को अवगत करा रहे हैं। सोमवार रात पदयात्रा केरपानी से होते हुए धामन्या गांव पहुंची जहां पदयात्रियों की राह देख रहे ग्रामीणों ने घरों के सामने रांगोली डालकर, दीप जलाकर आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। मुलताई से पदयात्रियों का उत्साह वर्धन करने पहुंचे राजू पाटनकर, नरेन्द्र गिरी गोस्वामी तथा अजय यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि मां ताप्ती के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले ग्रामीणों ने जोरदार पदयात्रा का स्वागत करते हुए भोजन कराया जहां पदयात्रियों ने रात्री विश्राम किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि फिलहाल मौसम खराब है तथा शीतलहर चल रही है इसके बावजूद पदयात्रियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है तथा कड़ाके की ठंड में मां ताप्ती का नाम जपते, जयकारे लगाते हुए मां ताप्ती भक्त आगे की ओर बढ़ते जा रहे हैं।
Betul Ki Khabar: 15 गांवों के ग्रामीणों ने मिलकर किया हिन्दू सम्मेलन का आयोजन

