जमात के सहयोग से सीमा को मिला दवाइयों से भरा बैग
Betul Samachar News/मुलताई। मुलताई रेलवे स्टेशन पर ईमानदारी और मानवीय संवेदना की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है। राजस्थान निवासी सीमा जो आमला से पांढुरना जाने के लिए गोंडवाना ट्रेन में अपनी मां और छोटे भाई के साथ यात्रा कर रही थीं, उनका दवाइयों से भरा बैग गलती से मुलताई में उतर गया। सीमा के छोटे भाई का दिमाग का इलाज चल रहा है और उक्त बैग में उसकी जरूरी दवाइयां, अस्पताल की फाइलें व मेडिकल रिपोर्ट रखी हुई थीं।
बताया गया कि भोपाल से आ रही जमात के लोगों के सामान के साथ यह बैग अनजाने में मिक्स होकर मुलताई में उतर गया और दीनी इज्तिमा स्थल पहुंच गया। वहां खिदमत में लगे युवाओं ने अनजान बैग को देखते ही ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे खोया-पाया विभाग में सुरक्षित जमा कर दिया।
पांढुरना पहुंचने पर जब सीमा को अपने बैग के गुम होने का पता चला और यह जानकारी मिली कि बीच में मुलताई स्टेशन पर कुछ लोग उतरे थे, तो वह तुरंत बस से मुलताई पहुंचीं। उन्होंने स्टेशन पर आरपीएफ के जवान रामनाथ ढोते और रेलवे कर्मचारी विष्णु गणपथ को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मुलताई पुलिस के विवेक चौरे और समाजसेवी पाशा खान को भी सूचित किया गया। सभी ने तत्परता दिखाते हुए बैग की तलाश शुरू की।
Betul Ki Taja Khabar- शासकीय महाविद्यालय में मतदाता पंजीकरण शिविर संपन्न
इसी दौरान जमात की खिदमत में लगे युवाओं ने बैग समाजसेवी पाशा खान को सौंपा, जिसके बाद बैग सुरक्षित रूप से सीमा तक पहुंचाया गया। दवाइयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग वापस मिलने पर सीमा ने राहत की सांस ली।

