MP Weather Today- मध्य प्रदेश में मौसम में एक और बड़ा बदलाव होने वाला है। अगले दो दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन यह राहत ज़्यादा दिन नहीं रहेगी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 13 फरवरी से ठंडी उत्तरी हवाएं एक बार फिर राज्य में आएंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि पहाड़ी इलाकों में एक्टिव एक साइक्लोनिक सिस्टम अब आगे बढ़ रहा है। जैसे-जैसे यह सिस्टम कमजोर होगा, बर्फ पिघलने की प्रक्रिया तेज होगी और उत्तर से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेंगी। इसका असर 13 से 15 फरवरी के बीच सबसे ज़्यादा महसूस होगा।
दो दिन चढ़ेगा पारा, फिर गिरेगा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 11 फरवरी को तापमान में हल्की वृद्धि होगी, जबकि 12 फरवरी को पारा और ऊपर चढ़ सकता है। दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को सर्दी से काफी राहत महसूस होगी। हालांकि, सुबह और रात के वक्त ठंड का असर बना रहेगा। इसके बाद 13 फरवरी से तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा।
प्रदेश के शहरों का तापमान
बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन में धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान बढ़ा है। हालांकि, रविवार-सोमवार की रात को प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे ठंडा इलाका कटनी का करौंदी रहा, जहां पारा लुढ़ककर 5.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा खजुराहो, पचमढ़ी, दतिया और अमरकंटक भी ठंडे रहे।
पांच बड़े शहरों का हाल:
सोमवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, इंदौर में 11.2 डिग्री, ग्वालियर में 10.6 डिग्री, जबलपुर में 11.4 डिग्री और उज्जैन में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी महीने में मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना हुआ है।

