विवेकानंद वार्ड में शीतला माता मंदिर गली का हो रहा कायाकल्प, लग रही पेविंग टाईल्स नगर के मध्य जैन मंदिर गली में भी प्रारंभ होगा कार्य, दोनों मंदिरों के लिए सुजज्जित मार्ग
Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर पालिका द्वारा नगर के दो प्रमुख मंदिरों की गलियों का कायाकल्प किया जा रहा है जिसके तहत गली में पेविंग टाईल्स लगाई जा रही है। पेविंग टाईल्स लगने से दोनों ही मंदिरों की गलियों का मार्ग सुसज्जित नजर आएगा वहीं आवागमन मे भी सुविधा होगी। बुधवार शाम विवेकानंद वार्ड में शीतला माता मंदिर के सामने मार्ग का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर तथा वार्ड पार्षद अंजलि शिवहरे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष शिव माहोरे सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि विवेकानंद वार्ड में जन जन की आस्था का केन्द्र शीतला माता मंदिर में लंबे समय से मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुका था जिसके निर्माण की मांग की जा रही थी। पार्षद अंजलि शिवहरे ने बताया कि मार्ग के नवीनीकरण एवं कायाकल्प के लिए प्रयास किया जा रहा था जिसके बाद पेविंग टाईल्स लगाई जा रही है। नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने कहा था कि नगर में वर्तमान में विभिन्न वार्डों में सीसी सड़कों का निर्माण हो रहा है। इसी तारतम्य में विवेकानंद वार्ड में शीतला माता मंदिर गली तथा जैन मंदिर गली में आकर्षक पेविंग टाईल्स लगाई जा रही है जिससे दोनों ही सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है। शीतला माता गली के कायाकल्प से श्रद्धालुओं सहित वार्ड वासियों में हर्ष व्याप्त है।
विकास के मुदद्दे पर एकजुट नजर आए जनप्रतिनिधि
शीतला माता गली में पेविंग टाईल्स निर्माण के भूमिपूजन अवसर पर भाजपा एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण एकजुट नजर आए। कांग्रेस नेता सुमित शिवहरे ने बताया कि शीतला माता मंदिर पूरे नगर की आस्था का केन्द्र है जहां पेविंग टाईल्स लगने से लोगों में हर्ष व्याप्त है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, उपाध्यक्ष शिव माहोरे, सभापति शिल्पा शर्मा, महेन्द्र पिल्लू जैन, कुसुम पंवार, पार्षद अंजलि शिवहरे, निर्मला उबनारे सहित प्रल्हाद सिंह परमार, सुमीत शिवहरे, नवनीत चंदेल, कृष्णा साहू, कपिल खंडेलवाल, नितिन ओंकार, आशिष सोनी, गुलाब राऊत, रितेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
Betul Ki Khabar: पड़ोसी से विवाद और मारपीट से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या
6 लाख की लागत से हो रहा मंदिर गली का निर्माण
शीतला माता गली में पेविंग टाईल्स लगने से गली साफ सुथरी एवं आकर्षक नजर आएगी जिससे प्रतिदिन मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। इस संबन्ध में उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि शीतला माता मंदिर गली में मुख्य मार्ग से मित्तल ट्रेडर्स तक लगभग 180 मीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है जिसकी लागत लगभग 6 लाख 10 हजार रूपए है। उक्त मार्ग का कार्य रविवार से प्रारंभ कर दिया गया है जो शीघ्र पूर्ण होगा।
3 लाख की लागत से जैन मंदिर गली में लगेंगे टाईल्स
इधर भगवान पार्श्वनाथ जैन मंदिर गली का भी नगर पालिका द्वारा कायाकल्प किया जा रहा है जिससे सड़क साफ सुथरी एवं आकर्षक नजर आएगी। उपयंत्री महेश शर्मा के अनुसार जैन मंदिर गली में ओपी अग्रवाल के मकान से मुक्की भार्गव के मकान तक लगभग 100 मीटर रोड पर पेविंग टाईल्स लगाए जा रहे हैं जिसकी लागत लगभग 3 लाख रूपए है। उन्होने बताया कि लंबे समय से उक्त कार्य प्रक्रिया में था जिसके बाद शीघ्र ही मंदिर गली में शीतला माता मंदिर के मार्ग निर्माण के बाद कार्य किया जाएगा।

