आकर्षक झांकियों के साथ निकली भव्य त्रिशूल यात्रा, जगह जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                पवित्र नगरी में महाशिवरात्री पर्व पर शिव मंदिरों में लगी भीड़, धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान संपन्न

Mahashivratri 2026/मुलताई। पवित्र नगरी में महाशिवरात्री के पावन पर्व पर आकर्षक झांकियों के साथ भव्य त्रिशूल यात्रा निकाली गई जिसकी स्थापना मासोद रोड स्थित मरही माता मंदिर में की गई। हिन्दू युवा मंच द्वारा मंगलवार बाजार साईं मंदिर परिसर में सुंदरकांड का आयोजन किया गया जिसके बाद दोपहर त्रिशूल यात्रा प्रारंभ हुई जिसमें बड़ी संख्या में नगर सहित आसपास के क्षेत्र से मुलताई पहुंचे श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे बाजे एवं भजनों के साथ निकली त्रिशूल यात्रा का मुख्य आकर्षण झांकियां रही जिसमें नंदी पर बैठे शिव पार्वती, बजरंग बली, आदि योगी तथा भूतों की बारात रहे जिसे देखने जमकर नगरवासियों की भीड़ उमड़ी। त्रिशूल यात्रा मंगलवार बाजार से प्रारंभ होकर बसस्टेंड पहुंची जहां औघड़ बाबा की झांकी का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ते हुए मासोद तिराहे पहुंची जहां शिव पार्वती के नृत्य ने समां बांधा। इसके बाद फव्वारा चौक होते हुए यात्रा अंबेडकर चौक पहुंची जहां से गांधी चौक एवं थाना रोड होते हुए मासोद रोड से मरही माता मंदिर पहुंची जहां विधि विधान से पूजन के उपरांत त्रिशूल की स्थापना की गई। त्रिशूल यात्रा में युवा 151 किलो वजनी त्रिशूल लेकर गाते बजाते नाचते हुए भगवान भोले शंकर के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं बड़े ट्राले में कलाकार शिव भजनों की प्रस्तुति दे रहे थे। त्रिशूल यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। धूमधाम से निकली त्रिशूल यात्रा से पूरे नगर का माहौल धर्ममय नजर आया। त्रिशूल यात्रा में जिला पंचायत राजा पंवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

पूर्व सैनिकों, सफाईकर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान

त्रिशूल यात्रा प्रारंभ होने के पूर्व हिन्दू युवा मंच के द्वारा साईं मंदिर परिसर में पूर्व सैनिकों, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों तथा मरही माता मंदिर समिति के पदाधिकारियों का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। मंच के नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि देश के रक्षक पूर्व सैनिकों एवं नगर को स्वच्छ रखने वाले नगर पालिका के सफाई कर्मियों सहित नगर में उत्कृष्ट कार्य कर चुके वयो वृद्ध गणमान्य नागरिकों का इस अवसर पर सम्मान किया गया जो हिन्दू युवा मंच के लिए गौरव का विषय है।

Read Also: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की उमडी भारी भीड़

त्रिशूल यात्रा को लेकर पूरे नगर में रहा भारी उत्साह

महाशिवरात्री पर्व पर निकली त्रिशूल यात्रा का नगरवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। यात्रा का बसस्टेंड पर टैक्सी यूनियन के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद मासोद तिराहे पर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। जय स्तंभ चौक पर पुष्प वर्षा एवं शरबत से व्यापारियों द्वारा त्रिशूल यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रा में शामिल युवाओं का उत्साह चरम पर नजर आया तथा शिव भजनों पर युवा वर्ग ने जमकर भगवा ध्वजाएं लेकर भोले के जयकारे लगाए।

मरही माता मंदिर में हुई त्रिशूल की स्थापना

हिन्दू युवा मंच के द्वारा पूर्व में नगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर 11 त्रिशूल की स्थापना के बाद 12 वें त्रिशूल की स्थापना जन जन की आस्था का केन्द्र मरही माता मंदिर मुख्य द्वारा पर की गई। इस दौरान मरही माता मंदिर समिति के शिव माहोरे, मनोज साबले सहित अन्य पदाधिकारियों ने हिंदू युवा मंच का स्वागत किया गया। जिसके बाद विधिवत पूजन एवं आरती के बाद मंत्रोच्चार के साथ भव्य त्रिशूल की स्थापना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मरही माता मंदिर पहुंचे।

Leave a Comment