सीएमओ बोले समिति बनाकर मांगेंगे सुझाव फिर परिषद में रखा जाएगा प्रस्ताव
Betul News Today/मुलताई। नगर पालिका परिषद की बैठक में बुधवार बसस्टेंड की दुकानों का किराया तीन गुना बढ़ाने पर कांग्रेस के पार्षदों द्वारा आपत्ति ली गई। पार्षद नीतू परमार, निर्मला उबनारे, अंजली शिवहरे तथा वंदना साहू सहित अन्य पार्षदों ने कहा कि बिना उनकी सहमति से किस आधार पर दुकानों का किराया तीन गुना किया गया है इससे छोटे व्यापारियों को परेशानी हो सकती है। पार्षदों ने कहा कि यह किसी भी सूरत में सहीं नही है कि एक साथ किराया तीन गुना कर दिया जाए। इस पर सीएमओ विरेन्द्र तिवारी ने कहा कि इसके लिए 6 सदस्यों की समिति बनाई जाएगी जो किराए के संबन्ध में सुझाव देगी जिसके बाद प्रस्ताव परिषद की अगली बैठक में रखकर विचार किया जा सकता है। इधर पार्षदों द्वारा सीधे दुकानों में तालाबंदी पर भी आपत्ति जताते हुए कहा गया कि जो भी कार्य करें नियम कानून के आधार पर करें अन्यथा तालाबंदी से लोगों की आजिविका प्रभावित हो रही है जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
सीवर लाईन प्रोजेक्ट अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार पर नही हुई एफआईआर
परिषद की बैठक में सीवर लाईन प्रोजेक्ट अधूरा छोड़कर जाने वाले ठेकदार पर एफआईआर दर्ज नही कराने पर भी नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, उपाध्यक्ष शिव माहोरे सहित सभापति एवं पार्षदों द्वारा अधिकारियों से सवाल किए गए। नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने कहा कि जब 6 करोड़ के प्रोजेक्ट का भट्टा बैठ चुका है तथा ताप्ती सरोवर को प्रदूषण मुक्त करने की योजना प्लाप हो चुकी है तो अभी तक अधिकारियों ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई क्यों नही कराई गई। उन्होने कहा कि पूर्व में परिषद द्वारा ठेकदार पर एफआईआर कराने का प्रस्ताव लिया गया था जिस पर अधिकारियों द्वारा अमल किया जाना था इसके बावजूद अभी तक ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं हुई इसलिए तत्काल प्राथमिकता से ठेकेदार पर एफआईआर कराएं।
Read Also: वार्ड की महिलाओं ने किया शीतला माता पेविंग टाईल्स मार्ग का लोकार्पण
5 हजार का चूना डलता है और बिल 20 हजार का निकलता है
बुधवार परिषद की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा कई गंभीर सवाल अधिकारियों से करते हुए चिल्लर खर्चों पर पाबंदी लगाने का कहा गया। उपाध्यक्ष शिव माहोरे ने कहा कि नगर में किसी भी आयोजन पर जब सड़क पर चूने की लाईन डाली जाती है तो इसमें भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा खेल कर लिया जाता है। चूना 5 हजार का डाला जाता है और बिल चार गुना का निकाला जाता है इसलिए ऐसे खर्चों की आवश्यकता ही नही है। इसके अलावा फ्लैक्स बैनर पोस्टर पर भी पाबंदी लगाने की बात करते हुए उन्होने कहा कि किसी भी आयोजन में नगर पालिका द्वारा बोर्ड बैनर का नगर में अंबार लगा दिया जाता है तथा इसी बहाने फिर चार गुना पैसा निकाला जाता है इसलिए फ्लैक्स बैनर पोस्टर पर भी अंकुश लगाना आवश्यक है।
मछली विक्रेताओं के लिए होगा स्थान का चयन
नगर में मछली विक्रय के लिए नगर पालिका द्वारा पवित्र नगरीय क्षेत्र से हटकर जगह तलाशी जाएगी जहां मछली विक्रय के लिए टीन शेड बनाकर दिए जाएंगे। पार्षद सुरेश पौनीकर ने कहा कि मछली विक्रेताओं को मार्ग के किनारे ही धंधा करना पड़ता है इसलिए उनके लिए अलग से जगह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि नगर पालिका जगह चिन्हित कर टीन शेड का निर्माण करे ताकि मछली विक्रेता सुचारू रूप से व्यापार कर सकें।

