कांग्रेस ने मंत्रियों की अमर्यादित टिप्पणी पर जताया विरोध, किया प्रदर्शन
Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर के बसस्टैंड पर शुक्रवार दोपहर प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले को लेकर पुलिस एवं कांग्रेसियों में जमकर खींचातानी हुई जिसमें कांग्रेसी पुतला दहन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर पुतला दहन नही होने दिया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जमकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस को आगे करने का आरोप लगाया। मामला उस समय का है जब कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अरूण यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसियों द्वारा भाजपा के मंत्रियों द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया गया तथा इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन के लिए बसस्टेंड पर लाया गया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा पुतला छीन लिया गया जिससे पुतला दहन नही हो सका। उन्होने बताया कि भारत अमेरिका ट्रेड डील देश की कृषि व्यवस्था पर सीधा हमला है तथा यह समझौता देश के सीमांत मध्यम किसानों, व्यापारियों को बाजार की असमान प्रतिस्पर्धा में धकेलने वाला है। यह डील देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर कर बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बन रही है जिसका विरोध कांग्रेस के द्वारा किया जा रहा है। कांग्रेस के लोकेश यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर तथा अन्य दो मंत्रियों द्वारा भी अमर्यादित टिप्पणी के मामले में विरोध प्रदर्शन किया गया तथा राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया है।
Betul News: सात दिनों में हटाना होगा अतिक्रमण अन्यथा प्रशासन सख्ती से करेगा कार्रवाई
ज्ञापन एवं प्रदर्शन के माध्यम से तीनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की असफलता के चलते पूरा प्रदेश आर्थिक बदहाली और अराजकता के दौर से गुजर रहा है। उन्होने बताया कि यह संघर्ष सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि गरीबों, किसानों एवं मजदूरों सहित आमजन के अधिकारों की रक्षा का आंदोलन है। कांग्रेसियों द्वारा तीनों मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित मध्यप्रदेश में कफ सिरप से हुई मौतों के जिम्मेदार मंत्री राजेन्द्र शुक्ला तथा सेना अधिकारी एवं महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह से भी इस्तीफे की मांग की गई है।

