Betul Daily News/मुलताई। नगर के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक चंद्रशेखर देशमुख के विशेष प्रयासों से ताप्ती सरोवर के स्लूज गेट की मरम्मत एवं शनि तालाब के सौंदर्यकरण के लिए मुख्यमंत्री विशेष निधि से कुल 42 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि ताप्ती सरोवर स्लूज गेट मरम्मत कार्य हेतु 17 लाख रुपये तथा शनि तालाब के सौंदर्यकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को मजबूती मिलने के साथ जल संरचना और सौंदर्य में भी सुधार होगा। बताया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश पवार, सभापति डॉ. जी.ए. बारस्कर, मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, निलेश चावरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा लंबे समय से इन कार्यों की मांग विधायक के समक्ष रखी जा रही थी। विधायक देशमुख ने जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए इस मांग को स्वीकार किया और निधि स्वीकृत कराई। इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा मुलताई की पहचान एक विकसित और सुसज्जित धार्मिक पर्यटन नगर के रूप में और अधिक मजबूत होगी।
Read Also: हाईटेक लाइब्रेरी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, विद्यार्थियों ने नपा उपाध्यक्ष को बताई समस्याएं

