एनएसएस शिविर में साइबर सुरक्षा और स्वास्थ्य पर हुआ संवाद
BETUL NEWS/मुलताई। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई द्वारा ग्राम पंचायत भवन करपा में एनएसएस शिविर आयोजित किया गया है। सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का चौथा दिन उत्साह और जागरूकता के नाम रहा। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रकाश कुमार गीते के कुशल मार्गदर्शन में स्वयंसेवक ग्रामीण विकास और जन-सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। दीवारों पर उकेरे जागरूकता के संदेश चतुर्थ दिवस की शुरुआत स्फूर्तिदायक प्रभात फेरी और योगाभ्यास से हुई। इसके पश्चात परियोजना कार्य के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने गांव की दीवारों पर नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषयों पर आकर्षक स्लोगन लिखकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की जानकारी
बौद्धिक सत्र में दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई । साइबर सुरक्षा विषय पर मुलताई थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार एवं सेवाराम पवार ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके सिखाए। उन्होंने डिजिटल लेनदेन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य जागरूकता स्वास्थ्य विभाग से आए विनोद कुमार बावने एवं पुनीत भगभोले ने संतुलित आहार की महत्ता बताई। विशेषज्ञों ने एड्स और एनीमिया जैसी बीमारियों के लक्षण एवं बचाव की विस्तृत जानकारी साझा की।

Read Also: ताप्ती सरोवर स्लूज गेट मरम्मत एवं शनि तालाब सौंदर्यकरण के लिए 42 लाख स्वीकृत
वरिष्ठ प्राध्यापकों का मिला मार्गदर्शन
महाविद्यालय के प्रो. उमेश कुमार सलवंशी एवं प्रो. अंजली सौदागर ने स्वास्थ्य जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रो. प्रियंका भोपाते और डॉ. रविशंकर शुक्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ स्वयंसेवक अभिषेक हुरमाड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता राजपूत ने बताया कि, शिविर के आगामी दिनों में बैंकिंग प्रणाली, बाल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

