विभाग ने की शिकायत, सभापति के हस्तक्षेप से जोड़ा जा रहा नल कनेक्शन
Betul News/मुलताई। नगर पालिका द्वारा विगत चार दिन पूर्व बिना सूचना के सरकारी अस्पताल का नल कनेक्शन काटने का मामला सामने आया है। अस्पताल के मलेरिया इंस्पेक्टर दिवाकर किनकर की शिकायत पर सभापति अजय यादव के हस्तक्षेप से पुनः नल कनेक्शन जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन 10 से 15 हजार लीटर पानी की खपत है जिसमें मेन लाइन से जुड़े कनेक्शन से जलापूर्ति हो जाती है तथा विशेष परिस्थितियों में निजी टैंकर से पानी बुलाया जाता है। लेकिन चार दिन पूर्व नगर पालिका के कर्मचारियों के द्वारा बिना किसी सूचना के कनेक्शन काट दिया गया जिससे अस्पताल में पानी के लिए हाहाकार मच गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा निजी टैंकरों से पानी खरीद कर व्यवस्था बनाई गई जिसके बाद नगर पालिका मुख्य अधिकारी को शिकायत की गई। एम आई किनकर ने बताया कि अस्पताल द्वारा प्रतिवर्ष बिल जमा किया जाता है इसके बावजूद बिना सूचना के नपा द्वारा नल कनेक्शन काटने से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गई है जिसकी शिकायत उनके द्वारा नगर पालिका मुख्य अधिकारी से की गई है।
सभापति बोले बिना सूचना कनेक्शन काटना गलत
पूरे मामले में सभापति अजय यादव द्वारा हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को तत्काल कनेक्शन जोड़ने का कहा गया है। यादव ने बताया कि सार्वजनिक जगह का बिना सूचना के नल कनेक्शन काटना गलत है इसलिए तत्काल कनेक्शन जुड़वाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में नगर सहित पूरे क्षेत्र से मरीज आते हैं इसी स्थिति में अस्पताल में मूलभूत सुविधाएं प्रभावित नहीं होना चाहिए।
Read Also: शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ संपन्न
उपयंत्री बोले अन्य जगह जल प्रदाय हो रहा था प्रभावित
नल कनेक्शन काटने के सवाल पर उपयंत्री योगेश अनेराव ने बताया कि अस्पताल का मेन लाइन से कनेशन होने से अन्य कनेक्शन प्रभावित हो रहे थे ऐसी स्थिति में नल कनेक्शन काट कर वहां वाल्व लगाया जाना है जिसकी प्रक्रिया चालू है। उन्होंने बताया कि वाल्व लगाने के बाद कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा। लेकिन बिना सूचना अचानक कनेक्शन काटने के सवाल का वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। उन्होंने तत्काल कर्मचारियों को वाल्व लगाकर कनेक्शन जोड़ने के आदेश दिए।

