उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पर हुआ मैच का आयोजन
Betul Samachar News/मुलताई। उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में न्यायाधीश 11 तथा अधिवक्ता 11 के साथ तहसील 11 एवं नगर पालिका 11 टीमों के मध्य आयोजित सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का सफल एवं मैत्रीपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में तहसील 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि अधिवक्ता 11 उपविजेता रही। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला न्यायाधीश 11 एवं अधिवक्ता 11 के बीच खेला गया। यह मैच अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें अधिवक्ता 11 के खिलाड़ी लोकेश यादव ने अंतिम दो गेंदों पर लगातार चौके लगाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। दूसरे मुकाबले में तहसील 11 ने नगर पालिका 11 को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में तहसील 11 ने अधिवक्ता 11 को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। कार्यक्रम में न्यायाधीश संदीप कुमार पाटिल, एसडीएम राजीव कहार, नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र तिवारी एवं अधिवक्ता संघ अध्यक्ष चंद्रशेखर चंदेल उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में न्यायाधीश 11 की ओर से न्यायाधीश संदीप कुमार पाटिल तथा तहसील 11 की ओर से तहसीलदार मुलताई संजय बरैया एवं मासोद तहसीलदार यशवंत गिन्नारे ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन व्यवस्थाओं में अधिवक्ता 11 के कप्तान श्रवण नागले, उपकप्तान राघवेंद्र रघुवंशी, अखिलेश रघुवंशी, प्रशांत यादव, चैतराम बनखेड़े एवं शिव प्रसाद साहू का विशेष योगदान रहा।
Betul Samachar: मिष्ठान्न भंडार के उपरी मंजिल पर लगी आग, मची अफरा तफरी
फाइनल मुकाबले में अधिवक्ता श्याम रघुवंशी को उत्कृष्ट गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेने पर “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। वहीं अधिवक्ता 11 के शिव प्रसाद साहू ने कठिन परिस्थिति में महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आपसी सौहार्द, खेल भावना एवं समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।

