ताप्ती तट पर 150 वां जन्मोत्सव श्रद्धा व सामाजिक एकजुटता के साथ संपन्न
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। सोमवार को स्वच्छता अभियान के प्रेरणास्रोत एवं समाज सुधारक संत गाडगे बाबा का 150 वां जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 11 बजे संत गाडगे बाबा की भव्य पालकी यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। यात्रा में बाल गोपालों की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर के विभिन्न स्थानों पर पालकी का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन सी.के. गाडगे, दिलीप सौदागर, अनिल तिडके, रामप्रसाद बाथरी एवं सारजेराव मुदाफले ने किया। अतिथियों तथा समाज के वरिष्ठजनों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। लोकेश प्रकाश सेवतकर को यूजीसी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर मुलताई एवं समाज का नाम गौरवान्वित करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों तथा खिलाड़ियों सहित कुल 25 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समाज के सात रक्तदाताओं को भी सम्मानित कर सेवा भावना को प्रोत्साहित किया गया।
Betul Daily News: विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
आयोजन व्यवस्था में श्रावण उमरे, शशी सोलंकी, ललित गाडगे, संजय तायवाडे, संजय जावलकर एवं वीरेंद्र सोलंकी का उल्लेखनीय योगदान रहा। संत गाडगे बाबा समिति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सेवतकर ने अपने संबोधन में कहा कि गाडगे महाराज ने जीवनभर शिक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा समाज में जागरूकता का संदेश दिया। अशोक कुमार बाथरे, सुधाकर निम्बुलकर, मीरा पटने, रामप्रसाद भारके, लक्ष्मीनारायण बाथरी एवं रमेश कालेलकर ने भी समाज से गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने समाज को स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक एकता के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंतर्गत बालक-बालिकाओं का परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें आठ प्रतिभागियों का परिचय कराया गया, जिससे समाज में संवाद और समन्वय को बढ़ावा मिला।अनिल पपाड़कर एवं गजेन्द्र वावसे ने समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ।

