नदी में जमी गाद निकालकर किया स्वच्छ
Betul Samachar/मुलताई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत हिवरखेड में सामुदायिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। यह अभियान पूरे मध्यप्रदेश में 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन, गहरीकरण एवं स्वच्छता पर विशेष कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम हिवरखेड में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की अतिरिक्त कक्षा का आयोजन किया गया। कक्षा के दौरान गोईजी नदी के गहरीकरण हेतु सामूहिक श्रमदान किया गया। विकासखंड समन्वयक राधा बरोदे के मार्गदर्शन में परिषद की टीम एवं विद्यार्थियों ने नदी से गाद निकालकर ट्रॉली में भरने का कार्य किया। कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्रों ने लगभग 30 मिनट तक श्रमदान कर जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके पश्चात विद्यालय भवन में कक्षा का संचालन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को जल संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
Read Also: संत का हाथ और साथ मिल जाए तो जीवन की सफलता सहज सुनिश्चित हो जाती है – सेलोटकर महाराज
कार्यक्रम में कमलेश आदवारे, मेंटर माधोराव कापसे, नितेश सोलंकी, वीरेंद्र सूर्यवंशी, रोशन लोखंडे एवं प्रियंका ठाकरे सहित मासोद व बिरूल बाजार सेक्टर की नवांकुर संस्था साईं बहुउद्देशीय प्रशिक्षण संस्था बघोडा के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

