नगर में रील मेकिंग प्रतियोगिता सीजन-2 का आयोजन
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। पवित्र नगरी और माँ ताप्ती मंदिर की महिमा को देश-दुनिया तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक बार फिर रचनात्मकता का उत्सव मनाया जा रहा है। मूलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता सीजन-2 के माध्यम से स्थानीय क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच दिया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत 1 मार्च से 15 मार्च तक नामांकन प्रक्रिया चली, जिसमें कुल 37 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद प्रतिभागियों को मुलताई का एक दिन सुबह से शाम तक शहर की झलक विषय पर रील बनाने का टास्क दिया गया। पिछले एक सप्ताह से प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ ताप्ती सरोवर सहित नगर के विभिन्न आकर्षक स्थलों पर वीडियो शूट कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया है। अब प्रतियोगिता अपने रोमांचक चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार को सभी रील्स इंटरनेट मीडिया प्लेट फॉर्म पर अपलोड की जाएंगी जिन्हें आमजन भी देख सकेंगे। इसके बाद 29 मार्च को साँवरिया लान में भव्य आयोजन होगा, जहां एलईडी स्क्रीन पर सभी रील्स का प्रदर्शन किया जाएगा और निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को गिफ्ट वाउचर, डिस्काउंट कूपन, शील्ड और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि मूलतापी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास भी साबित हो रही है।
Betul News- इंदौर में उत्कृष्टता समारोह में भारत विकास परिषद मां ताप्ती शाखा सम्मानित

