गण गणात बोते के जयकारों से गूंजा गांव
Betul Local News/मुलताई । प्रभातपट्टन ब्लाक के ग्राम बिसनूर में रामनवमी के पावन अवसर पर बैलगाड़ी से गजानन महाराज की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई । इस आयोजन में गांव ही नहीं आसपास के क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया । सुबह से ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। गजानन मंदिर में विशेष पूजा अर्चना और भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। पूजन पश्चात गजानन महाराज के छायाचित्र को सुसज्जित रथ में विराजित कर शोभा यात्रा प्रारंभ की गई। यात्रा गजानन मंदिर से प्रारंभ होकर शिव मंदिर, बाजार चौक तथा हनुमान मंदिर होते हुए नगर भ्रमण कर पुनः गजानन मंदिर पर समापन हुआ। इस दौरान यात्रा में ढोल नगाड़ों की गूंज , भक्तिमय भजनों और गण गणात बोते जयकरो से पूरा गांव गूंज उठा । महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थी वहीं युवावर्ग उत्साहपूर्वक व्यवस्था संभालते नजर आया। गजानन सेवा मंडल द्वारा कार्यक्रम के बेहतर प्रबंधन से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सेवा मंडल के सदस्य उत्तमराव महाले ने बताया कि अष्टमी से नवमी तक पूरे 24 घंटे अखंड भजन कीर्तन का पाठ हुआ, जिसमें 15 भजन मंडलियों द्वारा अपने भजन प्रस्तुत किए गए । वही व्यंकट राव महाले ने बताया कि गजानन महाराज की शोभायात्रा 20 वर्षों से प्रतिवर्ष अनवरत निकल जा रही है । अंत में मंदिर परिसर में महा आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के मुकुंदराव पाटणकर, व्यंकट राव महाले, उत्तमराव महाले, अजाबराव माकोड़े, विट्ठलराव धोटे, गेंदू बास्कर, बाबूराव महाले आदि सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
Betul Local News- गायत्री शक्ति पीठ में नवरात्र के समापन कर रामनवमी मनाई

