Betul Samachar: ताप्ती सरोवर में बड़ा जाल लगाकर धडल्ले से हो रही मछली चोरी

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                  ताप्ती भक्तों ने की मछली चोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Betul Samachar/मुलताई। नगर में जन जन की आस्था का केन्द्र ताप्ती सरोवर से असामाजिक तत्वों द्वारा धड़ल्ले से मछली की चोरी की जा रही है। शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात्री भी बड़ा जाल लगाकर मछली चोरी की जा रही थी जिसे नपाकर्मियों की सक्रियता से पकड़ा गया। जाल में बड़ी संख्या में मछलियों फंसी हुई थी जिसे लेकर ताप्ती भक्तों में भारी रोष व्याप्त है तथा मछली चोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की गई है। ताप्ती सरोवर में मछली पकड़ने पर पूर्णतः प्रतिबंध है क्योंकि यहां श्रद्धालु मछलियों को भोजन कराते हैं जिससे उनकी भावनाएं जुड़ी हुई है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार मछलियों का अवैध तौर पर आखेट किया जाता है जिससे लाखों के वारे न्यारे किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि सुनियोजित तरीके से मछलियों की चोरी जाल डालकर की जा रही है इसके बावजूद मछली चोरी करने वालों पर कार्रवाई नही की जा रही है जिससे मछली चोरी का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। ताप्ती भक्तों ने बताया कि सरोवर के आसपास सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पता लगाया जाए कि आखिर रात के अंधेरे में कौन मछली चोरी कर रहा है। पता चलने पर सार्वजनिक तौर पर उनके नाम उजागर कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके। इधर जागरूक लोगों ने बताया कि मछली चोरी करने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हमेशा जाल पकड़ता है लेकिन मछली चोरी करने वालों को पुलिस द्वारा नही पकड़ा जाता जिससे मछली चोरों के हौसले बुलंद हैं तथा वे धड़ल्ले से बड़ा जाल डालकर बड़ी मात्रा में मछलियों की चोरी कर लाखों के वारे न्यारे करते हैं। पूरे मामले में नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने मामले की गंभीरता को लेते हुए विरोध दर्ज किया है तथा शीघ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Betul News Today: औचित्यहीन होने के बावजूद नही तोड़ा जा रहा सरोवर में बना मंच

कौन कर सकता है मछली चोरी

जन जन की आस्था का प्रतीक सरोवर की मछलियों की चोरी आखिर कौन कर सकता है इसे लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा है कि मछलियों की चोरी सुनियोजित तरीके से मछली पकड़ने में माहिर अनुभवी लोगों के द्वारा की जा रही है। उक्त मछलियों को रातों रात निकालकर ठिकाने लगा दिया जाता है जिससे इस अपराध में शामिल लोगों को भारी मुनाफा होता है। चर्चा है कि ताप्ती सरोवर पर नपा कर्मचारियों की भी ड्यूटी रहती है और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं इसके बावजूद कैसे बड़ी मात्रा में मछलियों की चोरी की जा रही है। लोगों का मानना है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पहले सरोवर की रेकी की जाती है जिसके बाद मौका देखकर जाल डाला जाता है फिर मछलियों को रातों रात निकाल लिया जाता है।

Leave a Comment