Betul Ki Taja Khabar: पारसडोह ताप्ती नदी मोक्षधाम में घाट निर्माण की मांग तेज

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                                       17 गांवों के ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। ग्राम पंचायत गौला-रावा क्षेत्र अंतर्गत पारसडोह स्थित पवित्र ताप्ती नदी किनारे मोक्षधाम तक पक्की सीढ़ियां घाट एवं सीसी रोड निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्य कराने की मांग की है। इस संबंध में जनपद पंचायत मुलताई की जनपद सदस्य एवं स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास समिति सभापति शर्मिला सुनील पंडोले द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुलताई को आवेदन सौंपा गया।

आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत गौला, रावा, पौनी, कुटखेड़ी, लिंडढ़ा, तावला, मनोरा, सिपाई, बारधी, खेड़ीकोर्ट, निमनवाड़ा एवं ऐनखेड़ सहित आसपास के लगभग 17 गांवों के ग्रामीण पारसडोह स्थित ताप्ती नदी मोक्षधाम में अंतिम संस्कार एवं धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन यहां वर्तमान में पक्के घाट एवं सीढ़ियों का अभाव बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में पारसडोह पुलिया निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा मोक्षधाम के समीप अस्थायी भराव किया गया है, जो बारिश के समय जल प्रवाह में बह जाने की आशंका रहती है। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। विशेष रूप से अंतिम संस्कार, दशक्रिया, स्नान एवं पूजा-अर्चना के दौरान बुजुर्गों एवं महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

Read Also: फव्वारा चौक मुख्य मार्ग से मजार तक जाने वाले रास्ते पर पक्का अतिक्रमण, शिकायत

ग्रामीणों का कहना है कि पारसडोह का ताप्ती तट धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन क्षेत्रवासी धार्मिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पारसडोह स्थित ताप्ती नदी किनारे शीघ्र पक्की सीढ़ियां घाट एवं सीसी रोड निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम सुविधा उपलब्ध हो सके।

Leave a Comment