Accident News/मुलताई। मुलताई-प्रभात पट्टन मार्ग पर ग्राम नरखेड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर थ्रेशर लेकर मुलताई की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के सामने हिस्से में बैठे तीनों लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी घायलों को तत्काल मुलताई के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
Betul Daily News: बोर्ड परीक्षा पैटर्न पर ली वार्षिक परीक्षा

