परिजनों ने मुख्य मार्ग पर शव रखकर लगाए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे
Betul Breaking News/मुलताई। नगर में मंगलवार बसस्टेंड के पास पारेगांव रोड पर खुलेआम चाकू से गोदकर युवक की हत्या के मामले में बुधवार सुबह मृतक के परिजनों के द्वारा एंबूलेंस में शव लेकर मुख्य मार्ग पर तत्काल आरोपियों को पकड़ने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लंबे समय तक मार्ग अवरूद्ध रहा जिसके बाद पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर परिजनों को शीघ्र आरोपियों को पकड़ने तथा सहायता राशि देने का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजनों सहित ग्रामीण शव लेकर खरसाली गांव के लिए रवाना हुए। मंगलवार रात खरसाली निवासी आदित्य पिता राजू टेकाम से कुछ युवकों द्वारा मारपीट करते हुए एक युवक ने चाकू से वार किया जिससे आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल मुलताई ले जाया गया जहां स्थिति गंभीर होने से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि एवंलेंस में ग्राम पंखा के पास आदित्य ने दम तोड़ दिया। पूरे मामले में पुलिस द्वारा मुलताई के मयूर उर्फ झांगों, शुभम उर्फ टिक्कू, नितिन सोनी तथा गौरव सोनी पर नामजद तथा दो से तीन अन्य युवकों पर प्रकरण दर्ज किया है। मुख्य माग पर एसडीएम राजीव कहार तथा एसडीओपी एसके सिंह के मौके पर पहुंचकर आरोपियो को तत्काल पकड़ने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य दो बहनों के बीच इकलौता भाई था जिसकी मौत से पूरा परिवार सदमें में है।
पवित्र नही अपराधिक नगरी है मूलताई
मृतक के शव को लेकर विरोध कर रहे आक्रोशित परिजनों ने कहा कि मुलताई पवित्र नगरी नहीं अपराधिक नगरी है जहां लगातार अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुलेआम एक गरीब युवक की मौत हुई है लेकिन पुलिस प्रशासन कुछ नही कर सका। परिजनों ने आरोप लगाए कि मुलताई में अपराधिक घटनाएं निरंतर हो रही है जिससे पूरा माहौल खराब हो गया है ऐसे में पवित्र नगरी के माथे पर कलंक लग रहा है वहीं लोगों में पुलिस प्रशासन का डर समाप्त हो गया है इसलिए गुंडागर्दी, बलवा, हत्या मारपीट जैसी घटनाएं प्रतिदिन हो रही है जो पुलिस प्रशासन की चुक एवं नाकामी है।
Read Also: भैंसदेही जनपद पंचायत सभा कक्ष में पुर्णा मेले की हुई निलामी, 16 लाख 5 हजार की लगी ऊंची बोली
लोग तमाशबीन बने वीडियो बनाते रहे, कोई ने नही बचाया
भाई आदित्य की मौत से आहत उसकी बहन ने रोते हुए कहा कि उसके भाई को खुलेआम रोड पर चाकू से गोदा गया लेकिन वहां आसपास के लोग वीडियो बनाते रहे लेकिन किसी ने भी हमला करने वाले युवकों को नही रोका। उन्होने कहा कि उनका इकलौता भाई चला गया और लोग तमाशबीन बने रहे। बस स्टेंड पर पुलिस की ड्यूटी के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नही पहुंचा जिससे उसके भाई की निर्मम हत्या कर दी गई।

तीन दिन पूर्व भी हुआ था दो पक्षों में जमकर विवाद
मंगलवार युवक की हत्या के दो दिन पूर्व भी बसस्टेंड पर युवकों के दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों गुटों ने जमकर मारपीट की तथा प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि इस दौरान चाकू भी निकल गए थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया था। इसके बाद युवकों पर कड़ी कार्यवाही नही होने से दो दिनों के बाद बसस्टेंड के पास ही पारेगांव रोड पर विवाद हुआ जिसमें खुलेआम चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी गई।
Read Also: Crime News- बस स्टैंड पर चाकू से हमला, अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत, आरोपी फरार
पुलिस प्वाइंट पर नही रहते पुलिसकर्मी
नगर में लगातार घटनाएं हो रही है इसके बावजूद पुलिस प्वाइंट पर भी पुलिसकर्मी नजर नही आ रहे हैं जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। बसस्टेंड पर विगत दिनों युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी लेकिन मौके से पुलिस नदारद थी। आसपास के लोगों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इधर मंगलवार रात भी ठीक पुलिस प्वाइंट के पास ही युवक की खुलेआम हत्या हुई जहां भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। यहां सवाल यह उठता है कि जब पुलिस प्वाइंट से ही पुलिसकर्मी नदारद हैं तो अन्य जगह घटना होने पर पुलिस कितनी विलंब से पहुंचेगी इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
इनका कहना है-
हत्या के मामले में चार युवकों पर नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा चार टीमें बनाकर युवकों की तलाश की जा रही है जिससे शीघ्र ही हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कमला जोशी एएसपी बैतूल

