Betul Crime News :- 8 जुलाई की रात बैतूल के सारणी में विवाहिता को जिंदा जलाने के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को उसे जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। लेकिन जिस समय यह वारदात हुई आरोपी बनाया गया पति सारणी नहीं बल्कि भोपाल में मौजूद था। आरोपी युवक के परिजनों ने सोमवार SP से मिलकर इसके साक्ष्य सौंपे है। उन्होंने युवक को बेकसूर बताया है।
पत्नी को जिंदा जलाने के आरोप में गिरफ्तार चंद्रदेव बिहारी के पिता शंकरलाल बिहारे और उनकी बहने तरुणा और भारती बैतूल एसपी निश्चल एन झरिया से मिली। उन्होंने घटना वाले बेटे के भोपाल में मौजूद रहने के साक्ष्य सौंपे। शंकर बिहारें ने बताया, जिस दिन घटना हुई थी उनका पुत्र 1 बजे पातालकोट एक्सप्रेस से भोपाल गया था। वह घोड़ाडोंगरी स्टेशन से सवार होकर 4.10 बजे भोपाल पहुंचा था। वह रात में भी अशोका गार्डन स्थित उसके रूम पर था। रात करीब 10 बजे उसके भोपाल में होने के सीसीटीवी फुटेज भी है।
यह भी पढ़िए : Betul Ki Khabar – दो बार डसा और मौके पर ही बैठा रहा कोबरा, महिला अस्पताल में भर्ती
घटना वाले दिन रात जब सारणी पुलिस उसे तलाश करने सारणी के उनके मठारदेव कालोनी स्तिथ निवास पर आई थी। तब उनका बेटा भोपाल में ही था। उन्होंने उसे तत्काल अशोका गार्डन थाने जाने को कहा था। सारणी पुलिस उसे भोपाल से ही पकड़कर लाई थी।
यह हुई थी घटना
बैतूल के पाथाखेड़ा में 8 जुलाई की रात करीब 9 बजे एक नव विवाहिता को उसी के पति द्वारा केरोसिन डालकर जला देने का मामला सामने आया था। जली महिला ने पुलिस और मजिस्ट्रेट को दिए मृत्यु पूर्व बयान में पति पर आरोप लगाया था कि उसने उसे केरोसिन डालकर जला दिया। महिला को जलने पर बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे भोपाल भेज दिया गया था। जहां दो दिन पहले उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
21 वर्षीय पीड़िता पाथाखेड़ा स्तिथ शिवाजी वार्ड में पिछले तीन महीने से पति से अलग होकर अपनी बुआ के घर रह रही थी। एएसआई कुवरलाल वरवडे ने बताया था कि पीड़िता को बीती रात उसकी बुआ और दादी गंभीर जली हालत में डायल हैंड्रेड से लेकर आई थी। पीड़िता ने सिर्फ इतना बताया कि उसका पति रात करीब 9 बजे आया। उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। जिसमें वह बुरी तरह जल गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला का एक साल पहले चंद्रदेव बिहारी से अंतर्जातीय विवाह हुआ था। लेकिन कुछ दिनों बाद ही दोनों में विवाद होने लगा। बिहारी मंडी दीप में जॉब करता है। विवाद के बाद महिला पति से अलग बुआ के घर पिछले तीन महीने से रह रही थी। बताया जा रहा है कि गत 11 जून को तलाक का मामला भी कोर्ट में दर्ज कराया गया था।
एसपी ने कहा- जांच में होगा साफ
एसपी निश्चल झरिया ने बताया कि मृतिका के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर ही उसके पति की गिरफ्तारी की गई थी। अब सामने आ रहे नए साक्ष्यों को कोर्ट के सामने रखा जाएगा। आरोपी की वारदात के दिन की लोकेशन व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतिका के जलने के दौरान के सभी बिंदुओं की जांच होगी।