Betul Daily News/मुलताई। ग्राम मासोद के दमयंती नगर से 14 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी गजानंद पिता सुरेश दियावार 42 वर्ष निवासी दमयंती नगर मासोद ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका सबसे छोटा बेटा आयुष दियावार 14 वर्ष 7 माह 10 मार्च को शाम करीब 4 बजे घर से बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार शाम करीब 8 बजे जब वे काम से घर लौटे तो आयुष घर पर नहीं मिला। परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह शाम 4 बजे से ही घर पर नहीं है। इसके बाद परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बताया गया है कि आयुष कक्षा 9वीं का छात्र है और इन दिनों उसके परीक्षा भी चल रहे हैं। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में गुम इंसान कायम कर जांच शुरू कर दी है। आयुष दियावार का रंग गेहुआं, कद करीब 4 फीट, इकहरा बदन और चेहरा लंबा है। वह घर से निकलते समय सफेद रंग की टी-शर्ट, नीले रंग की जींस और पैरों में काले रंग की चप्पल पहने हुए था। उसकी गर्दन पर चर्म रोग का निशान भी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी इस बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो नजदीकी पुलिस थाने या परिजनों को सूचना दें।
Betul Ki Taja Khabar: मोटा अनाज वर्तमान जीवन शैली के लिए संजीवनी

