बसस्टेंड पर रामनवमी की सजावट हुई प्रभावित, साप्ताहिक बाजार में मची अफरा तफरी
Betul Daily News/मुलताई। नगर सहित आसपास के क्षेत्र में दोपहर अचानक मौसम में बदलाव हुआ और लगभग डेढ़ बजे झमाझम बारिश प्रारंभ हो गई जिसके बाद मटर के आकार के ओले गिरे। इसके साथ ही गोपलतलाई, नरखेड़ तथा प्रभात पट्टन में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि होना बताया जा रहा है। सुबह से ही गर्मी एवं उमस के बाद दोपहर अचानक मौसम में बदलाव हुआ इस दौरान बादलों की गरज के साथ बारिश भी होती रही। बारिश से मौसम में नमी घुल गई तथा उमस एवं गर्मी से लोगों को राहत मिली बारिश के दौरान बसस्टेंड पर हो रही रामनवमी की तैयारियां प्रभावित हुई तथा दुर्गा मंदिर से चारों तरफ लगाए गए भगवा कपड़े गीले होकर नीचे गिर गए। कपड़ों के बिजली तारों से टकराने से तेज आवाज के साथ लगभग 10 मिनट तक बिजली गुल हो गई जिसके बाद बहाल कर दी गई। रामनवमी उत्सव समिति के द्वारा नवरात्र के पूर्व से ही बसस्टेंड एवं मुख्यमार्ग पर साज सजावट की जा रही थी। दोपहर अचानक बारिश ने पूरी तैयारियों पर पानी फेर दिया।

साप्ताहिक बाजार में मची अफरा तफरी
गुरूवार साप्ताहिक बाजार में अचानक बारिश तथा फिर ओलावृष्टि से अफरा तफरी मच गई। बारिश एवं तेज हवाओं के कारण जहां दुकानदारों के पाल उड़े वही विभिन्न सामग्री गीली हो गई। इस दौरान बाजार में भीड़ होने से बारिश के कारण लोगों ने भाग दौड़ कर इधर उधर छिपने का प्रयास किया वहीं किसान एवं व्यापारी गीले होते रहे। ओलावृष्टि से किसानों को भी आसपास शरण लेना पड़ा जिससे पूरा साप्ताहिक बाजार प्रभावित हो गया। बारिश से बाजार स्थल पर कीचड़ हो गया जिससे लोगों को चलने में भी परेशानी उठाना पड़ा। बारिश एवं ओलावृष्टि रूकने के बाद किसान तथा व्यापारियों ने राहत की स्वांस ली।
Betul Samachar News: पूरे सेवाकाल में खेल एवं शिक्षा में किए अनुकरणीय कार्य
दो दिनों से हो रहा मौसम में परिवर्तन
नगर में बुधवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे तथा पूरे दिन धूप भी हल्की रही लेकिन बारिश नही हुई गुरूवार भी सुबह से मौसम में नमी रही तथा हवाएं चलती रही। दोपहर लगभग डेढ़ बजे बादलों के घिरने के बाद अचानक बूंदाबांदी प्रारंभ हो गई जिसके बाद तेज बारिश होने लगी इसके बाद बारिश रूक गई। थोड़ी देर बाद फिर बारिश चालू हुई जिसके साथ मटर के आकार के ओले भी गिरे। हालांकि ओले मात्र 10 मिनट तक ही गिरे जिससे पूरे मौसम में ठंडक घुल गई तथा शाम को मौसम सुहाना नजर आया।

