किसान संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन, एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
Betul Daily News/मुलताई। किसानों के भुगतान को लेकर आज प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम किसानों के साथ सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचे और बाड़ेगांव व परमंडल के किसानों की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि भगत सिंह वार्ड, मुलताई निवासी एक व्यापारी द्वारा मक्का खरीदी के बाद पिछले दो माह से भुगतान नहीं किया गया है। इस पर डॉ. सुनीलम ने संबंधित व्यापारी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजीव कहार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद डॉ. सुनीलम किसानों के साथ मुलताई थाने पहुंचे, जहां इंस्पेक्टर एम.एल. गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए व्यापारी को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में व्यापारी ने मक्का खरीदी और भुगतान में देरी की बात स्वीकार की। डॉ. सुनीलम ने कहा कि किसानों के साथ इस तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और व्यापारियों को यह समझना होगा कि बिना भुगतान के फसल खरीदना अब आसान नहीं रहेगा। इसी दौरान ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी उठाया गया। तहसीलदार संजय बारिया से चर्चा के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि कृषि व राजस्व विभाग की टीम 4 दिनों के भीतर परमंडल क्षेत्र में सर्वे कर पंचनामा तैयार करेगी, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
Read Also: कमिश्नर एवं कलेक्टर सहित प्रशासनिक अमले ने किया खराब फसलों का निरीक्षण

