नपा द्वारा नहीं चलाया जा रहा अभियान, लोगों में रोष
Betul Daily News/मुलताई। नगर में दिनों दिन बढ़ रही कुत्तों को संख्या से अब कुत्तों के काटने की घटनाएं भी बढ़ रही है लेकिन नगर पालिका इस मामले में गंभीर नजर नहीं आ रही। सोमवार विवेकानंद वार्ड में एक महिला को आवारा कुत्ते ने काट कर लहूलुहान कर दिया वहीं आगे जाकर गुरुसाहब वार्ड में भी एक व्यक्ति को बुरी तरह काटा। कुत्ते के दो लोगों को काटने से हड़कंप मच गया तथा लोगों ने बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि विवेकानंद वार्ड में नीता पति मनीष भार्गव अपने घर के सामने खड़ी थी तभी वहां से गुजर रहे कुत्ते ने अचानक लपक कर हमला कर दिया जिसके बाद कुत्ते ने नीचे गुरुसाहब वार्ड की ओर जाकर वाहन पर बैठ रहे बहार से आए व्यक्ति को भी काट लिया जिसे तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। घटना से दोनों वार्डों में आवारा कुत्तों को लेकर भय व्याप्त है वहीं घर से बच्चे बाहर निकलने से डर रहे हैं। रहवासियों ने बताया कि दो लोगों को काटने वाला कुत्ता पागल भी हो सकता है जिसे पकड़ना जरूरी है अन्यथा वह और लोगों को भी घायल कर सकता है।
BETUL NEWS: साईंखेड़ा मार्ग पर ओवर लोड गन्ना ट्रालियां पलटने से लग रहा जाम, हो रही दुर्घटनाएं
नपा नहीं चला रही अभियान
कुत्तों की बढ़ती संख्या और काटने की घटनाओं के बावजूद नगर पालिका द्वारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान नहीं चलाया जा रहा है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। लगातार शिकायतों के बावजूद नपा उक्त घटनाओं को लेकर लापरवाही बरत रही है जिससे भविष्य में गंभीर घटना हो सकती है। सोमवार दो घटनाओं के बाद नगर पालिका द्वारा तत्परता से कुत्ते पकड़ने का अभियान चलाना आवश्यक है।

