वर्षों से मांग के बावजूद मार्ग निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने किया 4 घंटे चक्काजाम, मचाया हंगामा

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                          अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दी समझाइश,मार्ग निर्माण का आश्वासन

Betul Daily News/मुलताई। वर्षों से मार्ग की मांग के बावजूद पोहर तक मार्ग निर्माण नहीं होने से पट्टन ब्लॉक के सहन गांव पंचायत के ग्राम पोहर के ग्रामीणों ने सोमवार मुलताई से आठनेर मार्ग पर लगभग 4 घंटे विरोध स्वरूप चक्का जाम किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ एवं लोग परेशान हुए। लोगों के रोष की गंभीरता देखते हुए एसडीएम सहित प्रधान मंत्री सड़क योजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश पर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन स्थगित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभात पट्टन ब्लाक के ग्राम पंचायत सहनगांव के अंतर्गत आने वाला ग्राम पोहर तक पहुंचाने के लिए किसी भी ओर से मार्ग नहीं है जिससे ग्राम वासियों को मुख्य मार्ग तक आने में वर्षों से जाद्दोजहद करना पड़ रहा है । कच्चे मार्ग से वाहन चालक कई बार दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। ग्रामीण शासन प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं पर आज तक मार्ग नहीं बन पाया। यहां तक की ग्रामीण मार्ग निर्माण को लेकर 2022 में पंचायत चुनाव का बहिष्कार भी कर रहे थे लेकिन अधिकारियों द्वारा तीन माह में मार्ग निर्माण का आश्वासन देने पर चुनाव में अपना मत का प्रयोग किया था। इसके बावजूद 3 वर्ष बाद भी आज तक कार्य चालू नहीं हो पाया जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने मुलताई भैसदेही मुख्य मार्ग के ग्राम वायगाव में चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम से मार्ग अवरूद्ध हो गया और वाहन चालक परेशान हुए।

Betul Ki Khabar: घने कोहरे की आगोश में रहा नगर, वाहनों की रफ्तार पड़ी धीमी

मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के अधिकारी

चक्काजाम की जानकारी लगते ही आठनेर थाना प्रभारी विजय सिंह ठाकुर, मुलताई एसडीओपी एसके सिंह, तहसीलदार यशवंत सिंह गिन्नारे मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण सुबह 10:00 बजे से 2:00 बजे तक चक्का जाम कर धरने पर बैठे रहे पुलिस प्रशासन एवं तहसीलदार दो बार धरने पर बैठे ग्रामीणों को समझा कर धरना खत्म करने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। लगभग तीन बजे एसडीएम राजीव कहार एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि उक्त सड़क की स्वीकृति 11 जुलाई 2025 में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री परिषद से स्वीकृत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र टेंडर होते ही मार्ग का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा जिसमें पुल पुलियाएं भी शामिल है।

मार्ग निर्माण स्वीकृति पर माने ग्रामीण

अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चक्का जाम व धरना समाप्त किया। ग्राम पोहर के राजू नरवरे, प्रवीण गिडोड़े अजाबराव अमरूते, बलिराम झपाटए,मुन्ना चौरे राधेश्याम नरवरे लता नरवरे पुष्पा नरवरे ,हेमलता नरवरे दीपक नरवरे सहित ग्रामीण जन एवं स्कूली छात्र छात्राएं मौजूद रही छात्राओं ने बताया कि हम ग्राम से हिवरखेड स्कूल जाने के लिए साइकिल का भी प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं । सड़क इतनी खराब है बारिश में मार्ग के कारण स्कूल नहीं जा पाते हैं ।

Leave a Comment