शासकीय महाविद्यालय में नवागत विद्यार्थियों को एनएसएस का महत्व समझाया
Betul Daily News/मुल्ताई। शासकीय महाविद्यालय गुरुवार राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की इकाई द्वारा नए पंजीकृत स्वयंसेवकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्यों, सिद्धांतों और समाज सेवा के महत्व से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार सरिया द्वारा मां सरस्वती के पूजन और लक्ष्य गीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार गीते एवं महिला इकाई प्रभारी डॉ. ममता राजपूत ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार स्वयंसेवक गोद लिए गए ग्रामों में स्वच्छता, साक्षरता और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में अपना योगदान दे सकते हैं इस उन्मुखी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा से डॉ.एल.एल राउत ने अपने विचारों से संबोधित किया । कार्यक्रम में डॉ. नरेन्द्र कुमार हनोते, प्रो तारा बारस्कर एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।वरिष्ठ स्वयंसेवक श्री अभिषेक ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे स्वयं से पहले सेवा का मंत्र उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आगामी सत्र की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई और आभार प्रदर्शन के साथ सत्र का समापन हुआ।
Betul Ki Taja Khabar- मकान के पीछे से अवैध शराब की हो रही थी बिक्री

