Betul Daily News/मुलताई। विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा आष्टा से अमरावती घाट तक पक्की सड़क निर्माण की मंजूरी दिलाने पर अमरावती घाट एवं प्रभात पट्टन क्षेत्र के ग्रामीणों ने आभार व्यक्त किया। ग्रामीण, प्रभात पट्टन मंडल अध्यक्ष सतीश धाकड़ के नेतृत्व में विधायक देशमुख के ग्राम परसोडी स्थित निवास पहुंचे और उनका स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया। भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में विधायक देशमुख के प्रयासों से मुलताई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों—मोही से पिसाटा एवं आष्टा से अमरावती घाट को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें ग्राम आष्टा से अमरावती घाट तक लगभग 2.20 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी मिलना क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है। मंडल अध्यक्ष सतीश धाकड़ ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र का विकास भी गति पकड़ेगा। ग्रामीणों ने विधायक देशमुख के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।
Read Also: हनुमान प्रतिमा के 10वें स्थापना दिवस पर भव्य सुंदरकांड एवं भजन संध्या संपन्न

