Betul Ki Khabar: एक माह से खोदकर छोड़ दिया गया मुख्य मार्ग, आवागमन प्रभावित, हो रही दुर्घटना

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

ठेकेदार द्वारा किया जा रहा धीमी गति से कार्य, लोग हो रहे परेशान, व्यवसाय भी प्रभावित

Betul Ki Khabar/ मुलताई (सलमान शाह) :- फोरलेन से नगर की ओर आने वाले मुख्य मार्ग को परमंडल जोड़ के आगे से ड्रीमलैंड सिटी तक खोद कर छोड़ दिया गया है। लगभग एक माह पूर्व मार्ग की खुदाई पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा निर्माण के दौरान की गई थी जिसके बाद काम बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में मार्ग से आवागमन प्रभावित हो गया है वहीं प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा परमंडल जोड़ से ड्रीमलैंड सिटी तक 1 किलोमीटर मार्गी निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले 1 किलोमीटर मार्ग की फरवरी मध्य में खुदाई प्रारंभ की गई लेकिन मार्ग खोदने के बाद कार्य बंद कर दिया गया जिसका कार्य एक माह बाद भी नही करने से लोगों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि मार्ग पर खुदाई के बाद आवश्यक सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए गए हैं वहीं संकेतक भी नही लगाने से दुर्घटनएं हो रही है। रात में अधिकांश दुर्घटनाएं हो रही है क्योंकि दूर से दो पहिया वाहन चालकों को खुदा हुआ मार्ग नजर नही आता जिससे दुर्घटनाएं बढ़ गई है। मार्ग के आसपास निवासरत लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग का एक भाग खोद दिया गया है जहां से बड़े वाहन गुजरते हैं ऐसे में दूसरे वाहन को गुजरने की जगह नहीं होने से समस्या खड़ी हो रही है। बड़े वाहनों के गुजरने से लगातार धूल उड़ रही है जिससे मार्ग के दोनों ओर रहने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

एक माह से व्यापार हो गया ठप्प

मार्ग की खुदाई करने से उक्त मार्ग के आसपास के व्यापारियों का लगभग एक माह से व्यापार ठप्प पड़ गया है। गुरूकृपा रेस्टारेंट के संचालक नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि फरवरी में मार्ग की खुदाई की गई जिससे उनके होटल में जाने का रास्ता बंद हो गया। दो पहिया एवं चार पहिया वाहन खुदाई के कारण उनके होटल तक नही पहुंच पाते जिससे उन्होने कुछ दिनों के लिए होटल बंद कर दी। लेकिन धीरे धीरे एक माह से अधिक हो गया है लेकिन मार्ग निर्माण ठेकेदार कार्य बंद करके चला गया है जिससे उनका व्यापार ठप्प हो गया है। इधर बिल्डिंग मटेरियल सहित अन्य विक्रेताओं ने बताया कि चार दिन के काम के लिए एक माह से अधिक का समय लग गया जिससे उनका व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

Read Also:- ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक ने वृद्धा से 50 हजार लेकर बैंक में नही किए जमा

मंथर गति से चल रहा कार्य

परमंडल जोड़ के आगे से ड्रीमलैंड सिटी तक लगभग एक किलोमीटर मार्ग का निर्माण किस मंथर गति से चल रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उक्त मार्ग वर्ष 2023 में स्वीकृत हुआ था लेकिन निर्माण कार्य अब प्रारंभ किया गया है। निर्माण प्रारंभ होने के बाद सिर्फ मार्ग की खुदाई करके काम बंद कर दिया गया जिसके बाद ठेकदार ने लोगों को हो रही परेशानी के बावजूद कार्य प्रारंभ करने की जहमत नही उठाई। बताया जा रहा है कि मार्ग की खुदाई से प्रतिदिन दो पहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं जिसकी शिकायत भी की जा चुकी है इसके बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई प्रबंध नही करने एवं संकेतत नही लगाने से वाहन चालकों को खुदा हुआ मार्ग नजर नहीं आ रहा है जिससे लोगों के लिए मार्ग निर्माण मुसीबत बन गया है।

इनका कहना है-

मार्ग निर्माण कार्य त्योहार के कारण मजदूरों के चले जाने से प्रभावित हुआ है, ठेकेदार से तत्काल मार्ग निर्माण प्रारंभ करने का कहा गया है।

डीआर करमकार उपयंत्री पीडब्ल्यूडी विभाग मुलताई।

Leave a Comment