प्रदेश सरकार का पुतला नहीं जला पाए कार्यकर्ता
Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को परिवहन घोटाले के आरोपी सौरभ शर्मा की जमानत के विरोध में प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। आग लगाने के पहले ही पुलिस पुतले को छीनकर भाग गई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोरसिंह परिहार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किशोर परिहार ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सुमित शिवहरे ने कहा भाजपा की सरकार भ्रष्टाचार करने वालों पर मेहरबान है। सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करती है और सौरभ शर्मा जैसे घोटालेबाजों को छोड़ती है। अरूण यादव ने कहा प्रदेश महिलाओं पर अत्याचार, किसानों की आत्महत्या और बेरोजगारी में देश में पहले स्थान पर है।
अब भ्रष्टाचार में भी सरकार की भूमिका सामने आ रही है। जीवन डोंगरदिए, आशीष सोनी, रितेश शर्मा, निलेश साबले, महेश नागले, भूवन साहू पारस यादव, गुड्डू जायसवाल, हर्षित बाजपेई, वीरसिंह ठाकुर, मनोज येवले, निलेश पवार, टीनू मिश्रा, आशीष पवार ने भी अपने विचार रखे। इसके बाद कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए पुतला जलाने के लिए मुख्य मार्ग से निकले। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। कांग्रेसियों ने पुतला जलाने के लिए जैसे ही दौड़ लगाई। पुतले को आग लगाने के पहले ही पुलिस छीनकर भाग गई।