खराब सड़कों का निर्माण नही होने से कभी भी हो सकती है नगर सहित क्षेत्र की शांति भंग

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                       प्रशासनिक व्यवस्थाएं चरमराई, बार बार प्रदर्शन के बावजूद अधिकारी उदासीन, लोगों में रोष

Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर में प्रशासनिक व्यवस्थाएं लंबे समय से चरमरा गई है जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है तथा बार बार प्रदर्शन के बावजूद अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में रोष व्याप्त है जिससे नगर सहित क्षेत्र की शांति भंग हो सकती है। बिरूल बाजार मार्ग हो या परमंडल से नगर की ओर का मार्ग विभागीय अधिकारियों की उदासीनता तथा ठेकेदार की मनमानी से अधूरे पड़े हुए हैं। परेशान लोगों द्वारा इसकी शिकायत एसडीएम तथा तहसीलदार से बार बार करने के बावजूद संबन्धित अधिकारियों द्वारा ध्यान नही देने से लोग कई बार प्रदर्शन पर भी आमादा हो चुके हैं। लेकिन हद तो यह है कि अधिकारियों को जनता की परेशानी से कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा है जिससे अब लोगों का रोष बढ़ गया है ऐसी स्थिति में यदि मुलताई के इतिहास को देखा जाए तो कभी भी बड़ी घटना से नकारा नहीं जा सकता। पूरे मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के पास समस्या के समाधान का कोई उपाय नही है वहीं उच्चाधिकारी भी जनता की समस्याओं का समाधान करने से कतरा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुलताई में परमंडल से नगर की ओर आने वाला एक किलोमीटर मार्ग निर्माण में जितनी परेशानी जनता को उठाना पड़ा उतनी परेशानी इतने छोटे मार्ग निर्माण में कहीं नहीं हुई होगी। इसके बावजूद मार्ग अधूरा पड़ा है तथा रोड के आसपास के लोग अपना व्यापार बंद कर बैठे हुए हैं।

प्रदर्शन के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों

परमंडल से मुलताई मार्ग पर सड़क निर्माण में लापरवाही पर लोगों ने रोड जाम कर प्रदर्शन किया था। परेशान लोगों ने बताया कि उच्चाधिकारियों से गुहार लगाने के तथा बार बार प्रदर्शन के बावजूद समस्या को कोई ठोस हल नहीं निकाला जा रहा है। हद तो तब हो जाती है जब अधिकारी समस्या सुन समझ के भी इसे हल करने का प्रयास नहीं करते। इधर बिरूल बाजार मार्ग में ग्रामीण लगातार धूप में विगत दिनों 22 दिन का प्रदर्शन कर चुके हैं इसके बावजूद स्थिति यह है कि ठेकेदार काम छोड़कर चला गया है जिससे स्थिति फिर बदहाल हो चुकी है। ग्रामीणों के वार बार चेतावनी देने के बावजूद नगर के प्रमुख अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है ऐसी स्थिति में कलेक्टर ऐसी समस्याओं को तत्काल संज्ञान में लेकर हल कराने का प्रयास करने की मांग जागरूक नागरिकों के द्वारा की जा रही है।

पूर्व में हो चुकी है संवेदनशील घटनाएं

समस्याओं को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन के बावजूद अधिकारियों द्वारा समस्याओं का समाधान नही करने से भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। नगर के इतिहास पर गौर किया जाए तो गोलीकांड, थाने पर पथराव सहित कई गंभीर घटनाएं हो चुकी है। नगर में समस्याओं को लेकर कई बार चक्काजाम किया जा चुका है जिसमें अधिकारियों को धरना स्थल पर बुलाया गया। कई बार उग्र आंदोलन हो चुके हैं इसके बावजूद वर्तमान में पदस्थ अधिकारी समस्याओं को गंभीरता से नही ले रहे हैं। नगर सहित ग्रामीण अंचल के लोगों ने बताया कि लोग समस्याग्रस्त हैं तथा शिकायत एवं प्रदर्शन के बावजूद समस्याओं पर ध्यान नही दिया जा रहा है ऐसी स्थिति में कभी भी माहौल बिगड़ सकता है।

Betul News: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने की कार्यवाही

इनका कहना है-

बिरूल बाजार रोड पहले से अधिक चौड़ा किया जाना है जिसके लिए प्रक्रिया चल रही है जिसके बाद मार्ग का कार्य प्रारंभ होगा। परमंडल से मुलताई एक किलोमीटर मार्ग पर ठेकेदार द्वारा कार्य नही करने पर कार्यवाही की जा रही है।

डी आर करमकार उपयंत्री पीडब्ल्यूडी मुलताई।

Leave a Comment