Betul Ki Khabar/भैंसदेही/मनीष राठौर :- भैंसदेही में वीर स्वतंत्रता सेनानी श्री गंजनसिंह कोरकू शासकीय महाविद्यालय, भैंसदेही में पिछले चार महीनों से ग्रंथालय बिना ग्रंथपाल के संचालित हो रहा है। इस स्थिति के कारण छात्र-छात्राएं पाठ्यक्रम से संबंधित किताबों से वंचित हैं और अध्ययन में कठिनाई का सामना कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार, शासन के आदेशानुसार शासकीय महाविद्यालय सारंगपुर, जिला राजगढ़ से स्थानांतरित होकर आए ग्रंथपाल श्री अलकेश धोटे ने 21 जून 2025 को भैंसदेही कॉलेज में पदभार तो ग्रहण कर लिया, पर उन्होंने अब तक अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू नहीं किया है। ग्रंथपाल की अनुपस्थिति के कारण कॉलेज में किताबों की खरीद और वितरण का कार्य ठप पड़ा हुआ है।छात्रों ने बताया कि लाइब्रेरी में बुक लिफ्टर के पास पुस्तकें नहीं हैं क्योंकि म.प्र. हिंदी ग्रंथ अकादमी, भोपाल से नई किताबों का क्रय नहीं हो पा रहा। ग्रंथपाल के हस्ताक्षर के अभाव में न तो क्रय निविदा जारी हो पा रही है और न ही मांग पत्र भेजा जा रहा है। इससे लगभग 1000 से 1200 छात्रों को अध्ययन सामग्री की कमी झेलनी पड़ रही है।छात्र संगठन NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कॉलेज में ग्रंथपाल की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि या तो स्थानांतरित ग्रंथपाल को जल्द कार्यभार संभालने के लिए निर्देश दिए जाएं या फिर पूर्व में कार्यरत अतिथि विद्वान को पुनः नियुक्त किया जाए।


