कहा पवित्र नगरी का अपमान बंद करो, किसानों की समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
Betul Ki Khabar/मुलताई। पवित्र नगरी में प्रतिबंध के बावजूद गली मोहल्लों में बिक रही शराब के विरोध में पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखदेव पांसे ने रैली निकालकर हल्ला बोला है। पांसे ने भाजपा के शासन में गली मोहल्ले में शराब बिकने, पवित्र नगरी का अपमान करने के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही पांसें के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एसडीएम राजीव कहार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि भाजपा के शासन में पवित्र नगरी में प्रतिबंध के बावजूद जमकर शराब की बिक्री की जा रही है। उन्होने कहा कि मुलताई पवित्र नगरी होने से शराब बंदी की गई लेकिन खुलेआम पहले से अधिक शराब बेची जा रही है जो पवित्र नगरी का अपमान है। उन्होने कहा कि भाजपा के शासन में किसान परेशान है, अधिकारी समस्या नही सुन रहे हैं उल्टे किसानों का शोषण किया जा रहा है जिसकी परिणिती कई बार किसानों द्वारा आत्महत्या करने के रूप में सामने आती है। उन्होने एसडीएम राजीव कहार से कहा कि आप मानवीयता के नाते ही किसानों के दर्द को समझिये कि किसान कितनी तकलीफ में है। उन्होंने किसानों की समस्याओं संबन्धित 7 मांगों से एसडीएम को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया। इस दौरान उनके साथ तकी उल हसन, संजय यादव, सुमीत शिवहरे, अरूण यादव, किशोरसिंह परिहार, आशिष सोनी, टीनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Read Also:- धरती आबा के त्याग और समर्पण को किया याद, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
किसानों को नही मिल रही नियमित बिजली
कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि किसानों को नियमित बिजली नही दी जा रही है जिससे किसानों को रात में जागकर खेतों में पानी देना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि वैसे ही किसानों की फसल खराब हो गई जिसकी भरपाई करने के किसान प्रयास कर रहा है लेकिन किसानों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नही करने से परेशानी बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि बिजली के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है जिसका सीधा असर फसल पर पड़ रहा है। किसानों के अनुसार दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है जिससे 10 घंटे भी बिजली नही मिल पा रही है। उन्होने बताया कि मेंटेनेंस के नाम पर सप्ताह में दो से तीन बार बिजली कटौती अलग से की जा रही है। किसानों ने बताया कि मौसम की मार से परेशान किसान को फसलों के लिए लगातार जद्दोजहद करना पड़ रहा है लेकिन समस्या का समाधान नही हो रही है।
5 हार्सपावर का कनेक्शन लेने को किया जा रहा मजबूर
एसडीएम राजीव कहार को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जहां 3 हार्सपावर का कनेक्शन दिया जाना चाहिए वहीं 5 हार्सपावर का कनेक्शन लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि विद्युत कनेक्शन के लिए भी किसानों को परेशान किया जा रहा है तथा अधिकारियों के द्वारा 4 माह का कनेक्शन दिया जा रहा है जबकि पानी दो से तीन माह का रहता है। किसानों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर सुधारा नहीं जाता तथा किसानों को ट्रांसफार्मर में आईल डालने का दबाव बनाया जाता है। कई किसानों ने आरोप लगाया कि इसके एवज में अवैध वसूली भी की जा रही है किसानों ने बताया कि मनमानी का आलम यह है कि यूरिया खाद एवं डीएपी उपलब्ध नहीं हैं यदि मिल भी रहा हैतो 500 से 550 रूपए प्रतिबोरी मिल रहा है जो किसान लेने में सक्षम नहीं है। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि मक्का की खरीदी शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्रू 2400 रूपए में की जाए।

