Betul Ki Khabar- परिक्रमा पद यात्रा के पूर्व निकली मां ताप्ती की भव्य ध्वज यात्रा

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                    आज धूमधाम से निकलेगी मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा

Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर में प्रतिवर्ष निकलने वाली मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा का इस वर्ष भी 2 जनवरी शुक्रवार धूमधाम से आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में गुरूवार शाम मां ताप्ती की भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई जिसमें मां ताप्ती परिक्रमा में जाने वाले ताप्ती भक्त शामिल हुए। मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा समिति के राजू पाटनकर एवं नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि गुरूवार शाम धूमधाम से मां ताप्ती की ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें परिक्रमा यात्रा में जाने वाले भक्तों सहित नगर के ताप्ती भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। ताप्ती तट गजानन मंदिर से ध्वज यात्रा प्रारंभ हुई जिसमें बड़ी संख्या में ताप्ती भक्त शामिल हुए। ध्वज यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गजानन मंदिर पहुंची जहां परिक्रमा यात्रा में जाने वाले श्रद्धालु भोजन करने के उपरांत विश्राम करेंगे। इसके बाद शुक्रवार सुबह 8 बजे मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा प्रारंभ होगी। परिक्रमा पदयात्रा ताप्ती तट से मां ताप्ती के पूजन उपरांत प्रारंभ होगी जो प्रदक्षिणा मार्ग होते हुए मासोद मार्ग पर स्थित मरही माता मंदिर पहुंचेगी जहां से ज्ञानेश्वर मंदिर होते हुए आगे की ओर रवाना होगी। इस दौरान जगह जगह मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा का नागरिकों एवं ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया जाएगा। परिक्रमा पदयात्रा के स्वागत के लिए घरों के सामने रांगोली सजाई जाएगी तथा यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। गौरतलब है कि मां ताप्ती परिक्रमा पदयात्रा पवित्र नगरी से लगभग 1 हजार किलोमीटर दूर गुजरात मे डूमस पहुंचेगी जहां ताप्ती समुद्र में समाहित होती है। जहां से पदयात्री वापस पवित्र नगरी पहुंचेगें जिसमें 2 माह का समय लगता है।

BETUL NEWS: मां ताप्ती के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने की नये वर्ष की शुरूआत

Leave a Comment