शीतलहर से ठिठुरा क्षेत्र, सर्द हवाओं का जारी रहा कहर
Betul Ki Khabar/मुलताई। सोमवार सुबह नगर सहित पूरा क्षेत्र घने कोहरे की आगोश में नजर आया जिससे फोरलेन सहित अन्य मार्गों पर दृष्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। कोहरे के कारण थोड़ी दूर का भी नजर नही आ रहा था तथा हर तरफ कोहरा छाने से इसका सीधा प्रभाव वाहनों पर पड़ा। कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेड लाईट जलाना पड़ा तथा फोरलेन पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण धूप सुबह 9 बजे के बाद निकली जिससे लोगों ने राहत महसूस की। दोपहर में भी धूप गुनगुनी होने से लोग धूप में बैठे रहे। इधर दो तीन दिन से जारी शीतलहर का कहर सोमवार सुबह से अधिक रहा जिससे लोगों के कामकाज भी प्रभावित हुए। शीतलहर के कारण नगर का बाजार भी विलंब से खुला तथा शाम को जल्दी बंद हुआ। शीतलहर का असर होने से लोग दोपहर में भी गर्म कपड़े पहने हुए नजर आए। शाम को लहर का असर बढ़ने से जगह जगह सार्वजनिक सहित निजी स्थलों पर लोग अलाव तापते देखे गए। शीतलहर के कारण लोग स्वेटर शाल, गर्म जैकेट, मफलर तथा सर्दी से बचने टोपा लगाए कामकाज करते रहे। बताया जा रहा है कि अभी कुछ दिन और ठंड का कहर जारी रहेगा तथा शीतलहर से मौसम सर्द बना रहेगा। सुबह मार्निक वाक करने जाने वाले योगेश अग्रवाल तथा नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि पूरी ठंड के दौरान सोमवार सुबह सबसे अधिक कोहरा नजर आया जो धीरे धीरे छंटा जिसके बाद ही जनजीवन सामान्य हुआ। उन्होने बताया कि कोहरे के कारण सुबह सैर करने वाले भी कम ही नजर आए तथा कड़ाके की ठंड होने से बुजुर्गों एवं वृद्ध लोगों ने घरों में ही रहना बेहतर समझा।
Read Also: मां ताप्ती मंदिर नवनिर्माण के लिए कोराड़ी मंदिर का ड्राईंग डिजाईन देखने पहुंचे ट्रस्ट के सदस्य

