गन्ने की फसल पर बोनस देने की मांग
Betul Ki Khabar/चिचोली। गुरुवार को भारतीय किसान संघ की ब्लॉक इकाई के तत्वावधान में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। किसान संघ के पदाधिकारियों ने तहसीलदार पी.एस. दीवान को ज्ञापन देकर किसानों की पांच सूत्रीय मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में सरकार द्वारा गेहूं की उपज का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके।
किसान संघ ने यह भी मांग की कि खरीफ सीजन में सोयाबीन की फसल को हुए नुकसान की बीमा राशि जल्द से जल्द किसानों को दिलाई जाए। इसके साथ ही सरकार की चुनावी घोषणा के अनुसार गन्ने की फसल पर 50 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।
Holi 2026: चिचोली में धुरेड़ी पर मनाया गया रंग उत्सव, नगर में दिखा उल्लास
किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों पर बढ़ते आर्थिक संकट को देखते हुए दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ किया जाए। साथ ही किसानों को ई-टोकन के माध्यम से मिलने वाली खाद वितरण की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन सौंपते समय किसान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष यादव, उपाध्यक्ष शिवदीन सलामे, कालूराम कवडे, बलदेव यादव, अमरदास यादव, भैयालाल इरपाचे, महेश इवने, गोविंद यादव, उमेश अटारी, भैयालाल अहाके, महेश धावले और विनोद खोबरे सहित कई किसान मौजूद रहे।

